विंध्य क्षेत्र को देश के सबसे विकसित क्षेत्र के रूप में पहचान दिलाना ही हमारा लक्ष्य- उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल प्रधानमंत्री ने देश के 75 और मध्यप्रदेश के 13 रेलवे स्टेशनों का किया वर्चुअल लोकार्पण

भोपाल 17 जुलाई 2026- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए आम जन के लिए सुविधाएं बढ़ाने आवागमन के साधन विकसित करने, रोजगार के साधन उपलब्ध कराने तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं उद्योगीकरण के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।
मध्यप्रदेश का तेजी से कायाकल्प हो रहा है विकास के साथ स्वच्छता का भी समन्वय आवश्यक है। उक्त आशय के विचार उप मुख्यमंत्री एवं शहडोल जिले के प्रभारी मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने अमृत भारत योजना स्टेशन अंतर्गत ब्यौहारी रेलवे स्टेशन का 22 करोड़ रूपए की लागत से पुर्नविकसित रेलवे स्टेशन के शुभारंभ के अवसर पर व्यक्त किए। देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने अमृत भारत स्टेशन योजना अंतर्गत देश के 75 रेलवे स्टेशनों तथा मध्यप्रदेश के 13 रेलवे स्टेशनों का वर्चुअल लोकार्पण किया। इस अवसर पर रेलवे स्टेशन ब्यौहारी में वर्चुअल लोकार्पण कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा एवं सुना गया। उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि विंध्य क्षेत्र को देश के सबसे विकसित क्षेत्र के रूप में पहचान दिलाना ही हमारा लक्ष्य है। उन्होनंे कहा कि विंध्य क्षेत्र में अमरकंटक, चित्रकूट, मैहर जैसे धार्मिक नगर, बांधवगढ़ नेशनल पार्क, संजय टाइगर नेशलन पार्क, मुकुन्दपुर व्हाईट टाईगर सफारी जैसे वन्य जीव पर्यटन स्थल विंध्य क्षेत्र में हैं। आपने कहा कि रेल मार्ग हवाई मार्ग तथा सड़कों के विकास से उद्योग, पर्यटन शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में विकास को गति मिलती है। भारत देश वसुधैव कुटुम्बकम को मंत्र मानते हुए पूरी दुनिया को अपना परिवार मानता है। इसी कारण से दुनिया में विश्व गुरू बनने की क्षमता शिर्फ आर शिर्फ भारत देश मे है। श्री शुक्ल ने कहा कि रीवा में हवाई यात्रा प्रारंभ होने से विकास को गति मिली है। अगामी 28 जुलाई को सप्ताह में 03 दिन रीवा के कलकत्ता एवं 04 दिन रीवा से भोपाल के लिए हवाई यात्रा शुरू होगी। कटनी से सिंगरौली तक रेल लाईन का दोहरी करण किया गया है। अब सिंगरौली से जोबा रेल लाईन विकसित होने से यह मार्ग कलकत्ता और मुम्बई जैसे महानगरों से जुड़ जाएगा। उन्होनें डीआरएम पश्चिम रेलवे को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
सीधी संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने स्पीड और स्किल का मंत्र दिया है। डबल इंजन की सरकार द्वारा लगातार विकास के कार्याें को गति दी जा रही है। आवश्यक संसाधनों के विकास के लिए सरकार के पास पैसों की कमी नहीं है। आपने नागरिकों से रेलवे स्टेशन की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की बात कही। विधायक श्री शरद जुगलाल कोल ने अमृत भारत योजना के तहत ब्यौहारी जैसे छोटे स्थान में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त ब्योहारी रेलवे स्टेशन की सौगात देने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, रेल मंत्री श्री अश्वनी वैशव, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का धन्यवाद ज्ञापित किया। डीआरएम पश्चिम रेल मण्डल द्वारा पुर्नविकसित रेलवे स्टेशन में किए गए कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत ब्यौहारी रेलवे स्टेशन का व्यापक आधुनिकीकरण किया गया है। स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आधुनिक स्टेशन भवन, विस्तृत सर्कुलेटिंग एरिया, नया प्रवेश द्वार, फुट ओवर ब्रिज, प्लेटफॉर्म शेल्टर, दिव्यांगजन-अनुकूल सुविधाएं, सुव्यवस्थित पार्किंग, आधुनिक यात्री सूचना प्रणाली, ऊर्जा दक्ष एलईडी प्रकाश व्यवस्था तथा स्थानीय कला एवं संस्कृति को प्रदर्शित करने वाले विकास कार्य किए गए हैं। इन सुविधाओं के विकसित होने से यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्राप्त होगा।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर डॉ. केदार सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री संजय कुमार अग्रवाल, जिला योजना समिति की सदस्य श्रीमती अमिता चपरा, एसडीएम ब्यौहारी सुश्री काजोल सिंह, नगर परिसद अध्यक्ष श्री राजन गुप्ता, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आकांक्षी सिंह सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, रेलवे विभाग के अधिकारी, प्रिंट एवं इलेक्ट्रानिक मीडिया के पत्रकार उपस्थित रहे।



