
भोपाल 17 जुलाई 2026. सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में बिस्तरों की संख्या 400 तक बढ़ाने के लिए इसके विस्तार का कार्य किया जा रहा है। मुख्य भवन के पीछे की ओर नवीन भवन का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने निर्माण स्थल का भ्रमण करके निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा कराएं। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें। सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में गंभीर रोगों से ग्रस्त रोगी पहुंच रहे हैं। नया भवन बन जाने के बाद बड़ी संख्या में रोगियों को भर्ती और उपचार की सुविधा मिलेगी। मौके पर उपस्थित अधीक्षक सुपर स्पेशलिटी हास्पिटल डॉ. अक्षय श्रीवास्तव ने निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी दी। निरीक्षण के समय निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।


