एमसीयू के वरिष्ठ शिक्षक डॉ. प्रदीप डहेरिया की पुस्तक का विमोचन

भोपाल। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता और संचार विश्वविद्यालय भोपाल के जनसंचार विभाग के वरिष्ठ शिक्षक डॉ. प्रदीप डहेरिया की लिखी पुस्तक ‘जनमाध्यम युवा और मीडिया साक्षरता’ का विमोचन विश्वविद्यालय में चल रहे एआई एफडीपी के दौरान मीडिया, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और रिसर्च क्षेत्र के विशेषज्ञों ने किया। इस पुस्तक का विमोचन विशेष तौर पर पत्रकारिता विश्वविद्यालय के कुलगुरु श्री विजय मनोहर तिवारी, आईआईआईटी भोपाल के निदेशक प्रोफेसर आशुतोष कुमार सिंह, मीडिया और सूचना प्रौद्योगिकी के विशेषज्ञ श्री बालेंदु शर्मा दाधीच, कुलसचिव की कुलसचिव प्रो. पी. शशिकला, जनसंचार विभाग के विभागाध्यक्ष प्रोफेसर संजय द्विवेदी, विज्ञापन एवं जनसंपर्क विभाग के विभागाध्यक्ष प्रोफेसर पवित्र श्रीवास्तव, पुस्तकालय अध्यक्ष एवं पुस्तकालय तथा सूचना विज्ञान विभाग की प्रोफेसर डॉक्टर आरती सारंग की उपस्थिति में हुआ।
डॉ प्रदीप डहेरिया पिछले डेढ़ दशक से भी अधिक समय से मीडिया अध्ययन और अध्यापन में सक्रिय हैं। उनकी यह पुस्तक जनसंचार माध्यमों और युवाओं पर विशेष रूप से केंद्रित है। आज जहां पूरे विश्व में मीडिया साक्षरता की बात चल रही है लेखक ने अपनी इस पुस्तक में विस्तार से उदाहरणों सहित बताया है कि ‘समाज और आम जनमानस में मीडिया साक्षरता क्यों आवश्यक है’।
डॉ डहेरिया ने प्रिंट, रेडियो टेलीविजन, डिजिटल इंटरनेट और सोशल मीडिया सहित जनसंचार के सभी माध्यमों के विविध आयामों पर इस पुस्तक में विस्तार से प्रकाश डाला है ।
इस पुस्तक की भूमिका देश के वरिष्ठ पत्रकार एवं चिंतक तथा वर्तमान में माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय के कुलगुरू श्री विजय मनोहर तिवारी जी ने लिखी है।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने इस पुस्तक के आने पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसे विद्यार्थियों, शोधर्थियों और शोध कार्य के लिए उपयोगी बताया है।



