रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय और जवाहरलाल नेहरू कैंसर हॉस्पिटल के बीच MoU, पहली बार 14 विभिन्न डिप्लोमा, पीजी डिप्लोमा और सर्टिफिकेट कार्यक्रम की होगी शुरुआत
भोपाल। राजधानी स्थित रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय (आरएनटीयू) और पैरा मेडिकल इंस्टीट्यूट, जवाहरलाल नेहरू कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर के बीच एक महत्वपूर्ण MoU पर हस्ताक्षर किया गया। इस समझौते का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण पैरामेडिकल शिक्षा, शोध, कौशल विकास और उद्योगोन्मुख प्रशिक्षण को बढ़ावा देना है, ताकि विद्यार्थियों को आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार किया जा सके। इस अवसर पर आरएनटीयू की कुलसचिव डॉ. संगीता जौहरी, मेडिकल साइंस के डीन डॉ. सीपी मिश्रा और जवाहरलाल नेहरू कैंसर हॉस्पिटल के चीफ फाइनेंस ऑफिसर ओपी पंथी, एडमिनिस्ट्रेटर नागेश सोनी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
इस समझौते के तहत पहली बार जवाहरलाल नेहरू कैंसर हॉस्पिटल के सहयोग से 14 विभिन्न सर्टिफिकेट, डिप्लोमा और पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। इन पाठ्यक्रमों के अंतर्गत विद्यार्थियों की प्रैक्टिकल और क्लीनिकल ट्रेनिंग जवाहरलाल नेहरू कैंसर हॉस्पिटल में कराई जाएगी, जबकि परीक्षाओं और समस्त शैक्षणिक सहयोग की जिम्मेदारी रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय निभाएगा। ये सभी पाठ्यक्रम रोजगारोन्मुख होने के साथ-साथ शोध के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण हैं और विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य के लिए उपयोगी साबित होंगे। विशेष बात यह है कि भोपाल के किसी विश्वविद्यालय द्वारा इस प्रकार की पहल पहली बार की गई है।
समझौते के तहत दोनों संस्थान संयुक्त रूप से पीजी डिप्लोमा, डिप्लोमा, सर्टिफिकेट तथा बी.वोक. जैसे रोजगारोन्मुख पाठ्यक्रम संचालित करेंगे। इन पाठ्यक्रमों में जेनेटिक्स, फार्माकोलॉजी, साइको-ऑन्कोलॉजी, क्लिनिकल ट्रायल मैनेजमेंट, मेडिकल रिकॉर्ड मैनेजमेंट, हॉस्पिटल मैनेजमेंट और पेशेंट केयर मैनेजमेंट सहित कई उभरते क्षेत्रों को शामिल किया गया है। आरएनटीयू के विद्यार्थियों को जवाहरलाल नेहरू कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर की अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं और क्लिनिकल वातावरण में व्यावहारिक प्रशिक्षण भी मिलेगा।
समझौते के अनुसार शिक्षण कार्य आवश्यकता के अनुरूप ऑनलाइन एवं ऑफलाइन (ब्लेंडेड मोड) में संचालित किया जाएगा, जबकि परीक्षा, मूल्यांकन और प्रमाणन की जिम्मेदारी रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय की होगी। सफल विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय द्वारा प्रमाणपत्र भी प्रदान किए जाएंगे।
इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. संगीता जौहरी ने कहा कि रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल डिग्री देना नहीं, बल्कि उन्हें उद्योग और समाज की जरूरतों के अनुरूप दक्ष बनाना है। पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट के साथ यह साझेदारी विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और वास्तविक क्लिनिकल अनुभव उपलब्ध कराएगी। हमें विश्वास है कि यह सहयोग स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए सक्षम और संवेदनशील मानव संसाधन तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
वहीं इसको लेकर विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. आर. पी. दुबे ने बताया कि रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय का लक्ष्य शिक्षा को समाज और उद्योग की आवश्यकताओं से जोड़ना है। पैरा मेडिकल इंस्टीट्यूट, जेएनसीएच एंड आरसी के साथ यह शैक्षणिक सहयोग विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अत्याधुनिक क्लिनिकल प्रशिक्षण और शोध के बेहतर अवसर उपलब्ध कराएगा।
दोनों संस्थानों ने भरोसा जताया कि यह साझेदारी प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण पैरामेडिकल शिक्षा को नई गति देगी तथा विद्यार्थियों के लिए रोजगार, कौशल विकास और शोध के नए अवसर उपलब्ध कराएगी। इस समझौते के दौरान विश्वविद्यालय के फार्मेसी डिपार्टमेंट की प्रिसिंपल दुर्गा पांडेय, प्रिसिंपल नर्सिंग डिपार्टमेंट डॉ. डेजी थॉमस, डॉ अविनाश सिंह और डॉ. रक्षा शर्मा मौजूद रहीं।

