एच.ई. योग मित्र मंडल, पिपलानी (भेल) द्वारा गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा एवं उत्साह के साथ संपन्न
एच.ई. योग मित्र मंडल, पिपलानी (भेल), भोपाल द्वारा गुरु पूर्णिमा महोत्सव का आयोजन आज प्रातः 7:30 बजे योग केंद्र परिसर में श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में योग साधकों एवं श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर अपने गुरुओं के प्रति श्रद्धा व्यक्त की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री जनमेजय शर्मा, महाप्रबंधक (वित्त), बीएचईएल ने अपने उद्बोधन में गुरु पूर्णिमा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु ही मनुष्य के जीवन को सही दिशा प्रदान करते हैं तथा ज्ञान, संस्कार एवं आत्मविकास का मार्ग प्रशस्त करते हैं। उन्होंने सभी से योग एवं भारतीय संस्कृति के मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर स्वामी आनंद धर्मा सरस्वती जी ने योग साधकों को आसन, प्राणायाम, ध्यान, प्रत्याहार एवं अजपाजाप की विभिन्न क्रियाओं का अभ्यास कराया। उन्होंने अपने प्रेरक उद्बोधन में योग के माध्यम से शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक विकास के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बताया कि नियमित योगाभ्यास स्वस्थ, संतुलित एवं तनावमुक्त जीवन का आधार है।
संस्था महासचिव सतेन्द्र कुमार ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान योग साधकों द्वारा श्रीमद्भगवद्गीता का पाठ एवं हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ भी किया गया, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय एवं आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत हो गया। उन्होंने कहा कि पिपलानी के योग केंद्र पर प्रतिदिन प्रातः 05:30 बजे एवं शाम 4:30 बजे निःशुल्क योग अभ्यास कराया जाता है।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित साधकों ने गुरु परंपरा के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए नियमित योग साधना एवं भारतीय संस्कृति के आदर्शों का पालन करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का समापन यज्ञ, हवन कर विश्व कल्याण एवं शांति की कामना के साथ किया गया।
कार्यक्रम में अध्यक्ष बसंत कुमार, सचिव एम एम दण्डपत, सुभाष दुबे, ए के आर्य, रीता देवी, अरविंद एवं सिन्हा जी का सहयोग रहा।


