बांकीपुर, दतिया और मांजलपुर, तीन उपचुनाव के 3 संदेश, मोदी फैक्टर कितना कायम कि ढह गया बीजेपी का मजबूत किला


नई दिल्ली: तीन राज्यों की तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के परिणाम बीजेपी के लिए कई मायनों में बहुत ही करारा झटका है। ये चुनाव नीट पेपर लीक पर युवाओं के आक्रोश के बीच हुए हैं, इसलिए इसके राजनीतिक मायने दूरगामी हो सकते हैं, जो आने वाले दिनों में देखने को मिलेंगे। जिन तीनों विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हुए, वे बीजेपी शासित राज्यों के हैं। बिहार की पटना की बांकीपुर सीट पर बीजेपी का ही कब्जा था, लेकिन यहां उसे करारी हार मिली है। मध्य प्रदेश की दतिया सीट अभी कांग्रेस के पास ही थी और उसने अपनी सीट बरकरार रखी है, लेकिन यहां के मतदाताओं ने फिर भी भाजपा को एक संदेश देने की कोशिश की है। वहीं गुजरात की मांजलपुर सीट हमेशा से बीजेपी का गढ़ रहा है, यह गढ़ अभी भी मजबूती से कायम है, लेकिन किले में दरारें भी दिखने लगी हैं, जिसे बहुत जल्द पाटने की नौबत आ सकती है।
बीजेपी को सबसे बड़ा झटका बांकीपुर सीट पर लगा है, जिसे भगवा पार्टी ने 2008 में इस सीट के बनने के बाद से हर बार जीता है। पटना की इस विधानसभा सीट पर पार्टी को कभी भी कुल वोटों का 59% से कम वोट नहीं मिला, लेकिन अब उसका यह शानदार दौर खत्म हो गया है। जन सुराज पार्टी के प्रशांत किशोर करीब 19 हजार वोटों से जीते हैं। दिलचस्प बात यह है कि प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी बिहार चुनावों में कोई सीट नहीं जीत पाई थी। वहीं बांकीपुर में आरजेडी कभी मजबूत नहीं रही है।
बांकीपुर में वोट शेयर एक और दिलचस्प बात है। प्रशांत किशोर ने 48 फीसदी से ज्यादा वोटहासिल किए हैं जबकि 2025 के राज्य चुनावों में बीजेपी का वोट शेयर 62 फीसदी था जो इस बार घटकर 34% रह गया है।
बांकीपुर से बीजेपी की हार से मिला संदेश
- बांकीपुर से कई संदेश मिले हैं। पहला, बिहार में अपनी सबसे सुरक्षित सीटों में से जहां से अपरकास्ट हिंदू की आबादी बहुत ज्यादा है और जिसे बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने चार बार जीता है, वहां से लगा झटका पार्टी के लिए चेतावनी है।
- बिहार में राजनीतिक दलों के जाति और समुदाय-वार अनुमानों के अनुसार बांकीपुर में 14% कायस्थ; 12% मुस्लिम; 9% चंद्रवंशी (कहार), जो EBC हैं; 9% बनिया; 9% दलित; 8% भूमिहार; 8% ब्राह्मण; 7% राजपूत; 5% कुर्मी और 3% कुशवाहा हैं।
- हालांकि ये वहां के राजनीतिक दलों के अनुमान ही हैं, लेकिन इनसे कथित ऊंची जातियों की बहुत ज्यादा आबादी (37%) की नाराजगी के बारे में पता चलता है।
दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी को क्यों लगा झटका?
- विश्लेषकों का मानना है कि पहला, बीजेपी उम्मीदवार को आखिरी समय में बदला गया था। दूसरा, बीजेपी द्वारा सम्राट चौधरी (जो कुशवाहा हैं) को मुख्यमंत्री के तौर पर चुने जाने से अपर कास्ट में पहले से ही नाराजगी के संकेत मिल रहे हैं।
- इससे नीतीश कुमार के बाद के बिहार में बीजेपी मुश्किल में पड़ गई है: अपर कास्ट संकेत दे रहा है कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे किसी विकल्प पर विचार करने को तैयार हैं।
- हालांकि अपरकास्ट अभी वे आरजेडी की तरफ नहीं जा रहे हैं। लेकिन उनकी मांगों को पूरा करने की किसी भी कोशिश से पार्टी के OBC और EBC वोट कम हो सकते हैं, क्योंकि नीतीश ही बिहार की कथित ऊंची जातियों, OBC और EBC को एक साथ जोड़े रखने वाले नेता थे।
- हालांकि, बीजेपी को इस बात से थोड़ी राहत मिल सकती है कि वोट ब्राह्मण जाति से आने वाले प्रशांत किशोर की तरफ गए हैं जिनके पास अभी कोई संगठनात्मक ताकत नहीं है।
उपचुनाव से कोई ट्रेंड सेट नहीं होता लेकिन दिया बड़ा सिग्नल
- मगर विश्लेषकों का मानना है कि उपचुनाव से कोई ट्रेंड तय नहीं होता, और लोकसभा चुनाव में उसी सीट से यह बदलाव उलट भी सकता है, बशर्ते राष्ट्रीय मुद्दे बीजेपी के मुख्य वोटरों को उसके खिलाफ वोट करने के लिए मजबूर न करें।
- इससे देश में चल रही उथल-पुथल साफ तौर पर सामने आया है। हालांकि अभी पक्के तौर पर कुछ कहना जल्दबाजी होगी।
- यूजीसी बिल, NEET पेपर लीक जिसका असर शायद सबसे ज्यादा अपर कास्ट पर पड़ा और हाल ही में Gen Z के विरोध प्रदर्शनों ने भी इस चुनाव पर असर डाला है।
- जेन जी प्रोटेस्ट में समाज के सभी वर्गों के प्रदर्शनकारी शामिल रहे, बीजेपी मान रही थी कि उन्हें वोट भी इन सभी वर्गों से मिलता है लेकिन अब स्थिति बदल गई है।
दतिया में कांग्रेस को मिला पावर बूस्टर
मध्य प्रदेश के दतिया में कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह दतिया से तीसरी बार विधायक बने हैं। इस बार उन्होंने 6016 वोटों से जीत हासिल की है। हालांकि, दतिया में बीजेपी को लगा झटका बांकीपुर जितना जोरदार नहीं है। वजह यह है कि राज्य में बीजेपी की भारी जीत के बावजूद कांग्रेस ने 2023 में भी दतिया सीट जीती थी।
बीजेपी के लिए झटका, लेकिन विपक्ष के लिए भी अच्छी खबर नहीं
तीन में से दो उपचुनाव हारना बीजेपी के लिए बुरी खबर हो सकती है, लेकिन विपक्ष के लिए भी जश्न मनाने जैसा कुछ खास नहीं है। बांकीपुर में समर्थन बीजेपी से हटकर पारंपरिक प्रतिद्वंद्वी RJD की तरफ नहीं गया है। इसके बजाय, वोटर प्रशांत किशोर के साथ हो गए हैं। असल में, RJD का वोट शेयर पिछले साल के विधानसभा चुनावों में लगभग 30 प्रतिशत से घटकर 11 प्रतिशत से थोड़ा ही ज्यादा रह गया है।


