विदेश

भारत-नेपाल संबंधों में फिर तनाव, नेपालियों ने भारतीय जवानों पर बांध तोड़ने का लगाया आरोप

काठमांडू: नेपाल के नवलपरासी वेस्ट में भारतीय जवानों पर सीमा में घुसकर एक अस्थायी बांध तोड़ने का आरोप लगा है। इस कारण भारत-नेपाल सीमा पर तनाव फिर बढ़ गया है। दावा किया जा रहा है कि यह अस्थायी बांध स्थानीय लोगों ने अपने गांव को नारायणी नदी की बाढ़ से बचाने के लिए बनाया था। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि इस घटना के वक्त स्थानीय नेपाली लोगों की भारतीय सुरक्षाबलों के साथ टकराव भी हुआ था। काठमांडू पोस्ट की रिपोर्ट में एक वायरल वीडियो का हवाला दिया गया है, जिसमें नवलपरासी वेस्ट जिले के सुस्ता इलाके के निवासियों और भारतीय जवानो के बीच विवाद को दिखाया गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि भारतीय जवान सादे कपड़ों में फावड़े लेकर नेपाल के इलाके में घुस आए। उन्होंने यह भी दावा किया कि भारतीय जवान मिट्टी के बने बांध को खोद डाला। इस पर ग्रामीणों ने आपत्ति जताई और दोनों पक्षों के बीच जमकर कहासुनी हुई। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि मौके पर नेपाली आर्म्ड फोर्स के जवान भी पहुंच गए और उन्होंने दखल देकर हालात को संभाला।

स्थानीय लोगों ने भारतीय जवानों पर लगाए आरोप

रिपोर्ट में स्थानीय निवासी ने कहा, “जैसे ही हमने भारतीय सुरक्षाकर्मियों को अपनी जमीन पर आते देखा, हम उन्हें रोकने के लिए एकजुट हो गए। जब वे फावड़े लेकर आए और बांध को तोड़ने लगे, तो हमने विरोध किया।” उन्होंने बताया कि बाद में आर्म्ड पुलिस फोर्स ने स्थिति को शांत कराया। निवासियों का कहना है कि वे चुप नहीं रह सकते थे जब विदेशी सुरक्षाकर्मी नेपाली इलाके में घुसकर उनके घरों की सुरक्षा के लिए बनाई गई संरचनाओं को नुकसान पहुंचा रहे थे।

नेपाल आर्म्ड फोर्स ने किया ये दावा

नेपाली आर्म्ड फोर्स के सुस्ता प्रोटेक्शन कैंपेन के प्रवक्ता रवींद्र जायसवाल ने दावा किया कि ग्रामीणों ने मिट्टी का अस्थायी बांध तभी बनाया था जब भारतीय अधिकारियों ने नेपाल को नारायणी नदी के किनारे बाढ़-रोधी पक्का ढांचा बनाने से रोक दिया था। उन्होंने आगे कहा, “जब पक्का बांध बनाने का काम रोक दिया गया, तो निवासियों ने बाढ़ के खतरे को कम करने के लिए अस्थायी उपाय के तौर पर मिट्टी का ढेर लगाकर बांध बनाया। फिर सादे कपड़ों में भारतीय सुरक्षाकर्मी वहां आए और उसे खोदने लगे।”

भारत-नेपाल के बीच होगी बातचीत!

चीफ डिस्ट्रिक्ट ऑफिसर दीपक राज नेपाल ने पुष्टि की कि बांध को लेकर निवासियों और भारतीय सुरक्षाकर्मियों के बीच विवाद हुआ था। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को सुलझाने के लिए सोमवार को दोनों पक्षों के अधिकारियों के बीच बातचीत होने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button