खबर

तेज रफ्तार कार खाई में गिरने से 5 लोगों की मौत, सभी एक ही परिवार के सदस्य

उत्तराखंड के पौड़ी जिले में देवप्रयाग-पौड़ी मार्ग पर शुक्रवार को कार खाई में गिरने से एक परिवार के पांच सदस्यों की मौत हो गई और एक व्यक्ति लापता हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) के मुताबिक देवप्रयाग क्षेत्र में हुए हादसे में 16 वर्षीय लड़का घायल हो गया।

सूचना मिलते ही देवप्रयाग पुलिस, एसडीआरएफ घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव एवं राहत कार्य शुरू किया। एसडीआरएफ ने बताया कि हरिद्वार के लक्सर क्षेत्र का निवासी एक परिवार बोलेरो कार में सवार होकर कहीं जा रहा था, तभी चालक का कार पर से नियंत्रण खो गया और वह गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय वाहन में कुल सात लोग सवार थे।

एसडीआरएफ के अनुसार घटनास्थल से एक महिला और बच्ची समेत पांच लोगों के शव बरामद हुए हैं जबकि घायल अवस्था में मिले अरहम नामक लड़के को स्थानीय निवासियों ने अस्पताल भिजवा दिया।        एसडीआरएफ ने बताया कि मृतकों की पहचान अफजाल (49), गुफरान (34), सब्बू (40), अनामिया (तीन), और शादाब (14) के रूप में हुई है।

एसडीआरएफ के अनुसार एक अन्य व्यक्ति लापता है जिसकी तलाश जारी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया है और घायलों को समुचित व त्वरित उपचार के निर्देश दिए हैं। उन्होंने गंभीर रूप से घायलों को आवश्यकता होने पर हवाई मार्ग से किसी बड़े स्वास्थ्य केंद्र भेजने के निर्देश भी दिए हैं

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button