आवासीय क्षेत्रों में व्यावसायिक गतिविधियों के स्थायी समाधान के लिए सभी व्यापारिक संस्थाओ को साथ लेकर मिक्स्ड लैंड यूज़ पर बनेगी कार्ययोजना। कमर्शियल लाइसेंस शुल्क के विरोध में 85 पार्षदों से मांगा सहयोग। भोपाल । 12 अगस्त, 2026

भोपाल चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की प्रबंध समिति की मासिक बैठक दिनांक 11 अगस्त, 2026 को आयोजित हुई। बैठक में भोपाल के व्यापार एवं उद्योग जगत से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में विशेष रूप से आवासीय क्षेत्रों में संचालित व्यावसायिक गतिविधियों के समाधान तथा नगर निगम द्वारा लगाए जा रहे कमर्शियल लाइसेंस शुल्क के विषय पर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
सभी व्यापारिक संगठनों को साथ लेकर मिक्स्ड लैंड यूज़ पर बनेगी कार्ययोजना-
भोपाल चेंबर के अध्यक्ष गोविंद गोयल ने बताया कि बैठक में आवासीय क्षेत्रों में संचालित व्यावसायिक गतिविधियों के स्थायी एवं व्यावहारिक समाधान के विषय पर निर्णय लिया गया कि भोपाल चेंबर द्वारा भोपाल के सभी व्यापारिक संगठनों के अध्यक्ष एवं सचिव से संपर्क कर उनके साथ “व्यापारी संवाद” बैठक आयोजित किया जाएगा। बैठक में व्यापारिक संस्थाओ के साथ सामूहिक रूप से कार्ययोजना तैयार की जाएगी तथा मिक्स्ड लैंड यूज़ (Mixed Land Use) को लेकर व्यापक स्तर पर पहल की जाएगी साथ ही भोपाल का नया मास्टर प्लान लाने पर जोर दिया जाएगा।
भोपाल चेंबर का मानना है कि वर्षों से जिन क्षेत्रों में व्यावसायिक गतिविधियां संचालित हो रही हैं, वहां व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए व्यावहारिक एवं स्थायी नीति बनाई जाए। इस विषय पर सभी व्यापारिक संगठनों को एक मंच पर लाकर व्यापक निर्णय लेने की दिशा में चेंबर कार्य करेगा।
कमर्शियल लाइसेंस शुल्क के विरोध में 85 पार्षदों से मांगा सहयोग
प्रवक्ता अजय देवनानी एवं मंत्री संजीव जैन ‘गेहूं’ के कहा कि बैठक में कमर्शियल लाइसेंस शुल्क के विषय पर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। भोपाल चेंबर द्वारा भोपाल नगर निगम के सभी 85 पार्षदों को व्यक्तिगत रूप से एवं डाक के माध्यम से पत्र भेजकर अनुरोध किया गया है कि जब भी कमर्शियल लाइसेंस शुल्क के स्थगन का विषय नगर निगम परिषद की बैठक में प्रस्तुत किया जाए, वे व्यापारियों के हित में स्थगन के पक्ष में अपना मत प्रदान करें।
इसके साथ ही भोपाल चेंबर द्वारा नगर निगम अध्यक्ष श्री किशन सूर्यवंशी जी, महापौर श्रीमती मालती राय जी एवं भाजपा जिलाध्यक्ष – एम आई सी सदस्य श्री रवींद्र यति जी से व्यक्तिगत मुलाकात कर अनुरोध किया जाएगा कि व्यापारियों की इस महत्वपूर्ण समस्या को आगामी नगर निगम परिषद की बैठक के एजेंडे में शामिल किया जाए और कमर्शियल लाइसेंस शुल्क को स्थगित/हटाने की दिशा में निर्णय लिया जाए। इस संबंध मे कार्य करने हेतु एक कमेटी भी गठित की गई है।
मुख्यमंत्री सहित अनेक जनप्रतिनिधियों से कर चुका है चेंबर संपर्क-
भोपाल चेंबर के पदाधिकारी इन विषयों को लेकर पूर्व में भी माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी, सांसद श्री आलोक शर्मा जी, मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय जी, मंत्री श्री विश्वास सारंग जी, मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर जी, विधायक श्री भगवान दास सबनानी जी, विधायक श्री रामेश्वर शर्मा जी, महापौर श्रीमती मालती राय जी, सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं नगर निगम आयुक्त श्रीमती संस्कृति जैन जी से मुलाकात कर चुके हैं तथा पत्रों के माध्यम से भी कमर्शियल लाइसेंस शुल्क को हटाने की मांग लगातार उठाई गई है।
भोपाल चेंबर के अध्यक्ष श्री गोविंद गोयल जी ने कहा कि चेंबर का उद्देश्य केवल व्यापारियों की समस्याओं को उठाना नहीं, बल्कि उनके स्थायी समाधान के लिए सभी व्यापारिक संस्थाओ एवं व्यापारिक समुदाय को एक मंच पर लाकर प्रभावी कार्ययोजना के साथ आगे बढ़ना है। कमर्शियल लाइसेंस शुल्क एवं मिक्स्ड लैंड यूज़ जैसे विषय सीधे तौर पर भोपाल के हजारों व्यापारियों से जुड़े हैं। इन विषयों पर भोपाल चेंबर पूरी मजबूती के साथ व्यापारियों के हित में अपनी आवाज उठाता रहेगा।
इस बैठक मे भोपाल चेंबर के उपाध्यक्ष अरविन्द जैन सुपारी जी, आदित्य जैन मनयां जी, मंत्री सुनील जैनाविन जी, कोषाध्यक्ष प्रदीप सेवानी जी, सह- कोषाध्यक्ष गोपाल सोनी जी एवं अतिरिक्त- कोषाध्यक्ष अजय गुप्ता सहित कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित थे




