खेल
वैभव का भविष्य, रोहित का संन्यास और गिल की कप्तानी; मैथ्यू हेडन ने भारतीय क्रिकेट पर रखी राय

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज मैथ्यू हेडन ने भारतीय क्रिकेट से जुड़े तीन अहम मुद्दों पर अपनी राय रखी है। उन्होंने युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को सिर्फ छोटे फॉर्मेट तक सीमित नहीं मानते हुए लंबे फॉर्मेट में भी सफल होने की क्षमता बताई। वहीं, रोहित शर्मा के 2027 वनडे विश्व कप में खेलने को लेकर कहा कि उनके भविष्य का फैसला खुद रोहित को करना है। हेडन ने टेस्ट क्रिकेट में भारत की स्थिति और कप्तान शुभमन गिल की नेतृत्व क्षमता पर भी भरोसा जताया।वैभव में लंबे फॉर्मेट में सफल होने की क्षमता
- 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी की प्रतिभा से प्रभावित हेडन ने कहा कि वह सिर्फ टी20 क्रिकेट के खिलाड़ी नहीं हैं। उनके मुताबिक, वैभव में लंबे फॉर्मेट में भी सफल होने के लिए जरूरी क्षमताएं मौजूद हैं। हेडन ने खास तौर पर उनकी मानसिक मजबूती, फिटनेस और चुनौती स्वीकार करने के साहस की तारीफ की।
- हेडन ने कहा कि महज 15 साल की उम्र में वैभव ने आईपीएल जैसे बड़े टूर्नामेंट में सिर्फ हिस्सा नहीं लिया, बल्कि वहां शानदार प्रदर्शन करके खुद को साबित किया। उनके अनुसार, यही बातें उन्हें भविष्य का विश्वस्तरीय खिलाड़ी बनने के लिए जरूरी आधार देती हैं।
- वैभव ने हाल में जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में 151 रन बनाए और प्लेयर ऑफ द सीरीज का पुरस्कार हासिल किया। इससे पहले इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में वह भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय पदार्पण करने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बने थे।
- आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के लिए वैभव ने 776 रन बनाए थे। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 237.30 रहा और उन्होंने एक शतक तथा पांच अर्धशतक लगाए। वह टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे और एक सीजन में सर्वाधिक 72 छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी बनाया।
- इसके अलावा उन्होंने ऑरेंज कैप, मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर, इमर्जिंग प्लेयर, सुपर स्ट्राइकर और सुपर सिक्सेस जैसे पुरस्कार भी जीते। हेडन ने हालांकि यह भी माना कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के शीर्ष स्तर पर वैभव के सामने अभी काफी काम बाकी है। उन्होंने कहा कि आखिरकार वैभव खुद तय करेंगे कि वह अपने करियर को किस दिशा में ले जाना चाहते हैं।रोहित के भविष्य का फैसला सिर्फ उनके हाथ में
- रोहित शर्मा के 2027 वनडे विश्व कप में खेलने को लेकर चल रही चर्चाओं पर हेडन ने कहा कि इस सवाल का जवाब सिर्फ रोहित के पास है। उनके मुताबिक, उम्र बढ़ने के साथ खिलाड़ी के सामने यह सवाल स्वाभाविक रूप से आता है कि वह कब तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और आईपीएल जैसे व्यस्त कार्यक्रम का दबाव संभाल सकता है।
- हेडन ने कहा कि क्रिकेट हमेशा के लिए नहीं खेला जा सकता और एक समय खिलाड़ी को यह तय करना होता है कि उसके अंदर अभी भी उसी स्तर पर खेलने की भूख, ऊर्जा और इच्छा है या नहीं।
- उन्होंने कहा कि रोहित टेस्ट और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं और अब वह सिर्फ वनडे खेल रहे हैं, इसलिए उनके करियर का अगला फैसला पूरी तरह उन्हीं पर निर्भर है।
- हालांकि 39 वर्षीय रोहित ने इंग्लैंड के खिलाफ हालिया वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन कर आलोचकों को जवाब दिया। तीन मैचों में उन्होंने 175 रन बनाए और उनका औसत 58.33 तथा स्ट्राइक रेट 98.31 रहा।
- सीरीज के निर्णायक मुकाबले में उन्होंने 388 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 110 गेंदों पर 138 रन की पारी खेली, जिसमें 17 चौके और पांच छक्के शामिल थे।
- रोहित के वनडे करियर में अब 288 मैचों की 280 पारियों में 11895 रन हैं। उनका औसत 48.95 और स्ट्राइक रेट 93.04 है। उनके नाम 34 शतक और 62 अर्धशतक हैं।गिल के सामने टेस्ट क्रिकेट को मजबूत करने की चुनौती
- हेडन ने भारत के टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने गिल को शानदार युवा खिलाड़ी और अच्छा लीडर बताते हुए कहा कि वह टेस्ट क्रिकेट में भारत के सामने मौजूद चुनौतियों का सामना करने में सक्षम हैं।
- भारत फिलहाल विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) 2025-27 की अंक तालिका में पांचवें स्थान पर है। टीम ने नौ मैचों में चार जीत, चार हार और एक ड्रॉ दर्ज किया है। हेडन ने माना कि भारत को टेस्ट क्रिकेट में अभी काफी काम करना है, खासकर तब जब टीम सीमित ओवरों के क्रिकेट में मजबूत स्थिति में है।
- उन्होंने कहा कि गिल के आसपास अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का अच्छा मिश्रण है, लेकिन इन खिलाड़ियों को अब बेहतर प्रदर्शन करना होगा। भारत के सामने अगले साल जून में होने वाले डब्ल्यूटीसी फाइनल के लिए क्वालिफाई करने की चुनौती है।
- हेडन ने भारतीय क्रिकेट की मौजूदा युवा पीढ़ी की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि सचिन तेंदुलकर, सौरव गांगुली या उससे पहले के दौर की तरह आज भी भारतीय टीम में बेहतरीन क्रिकेटरों की कमी नहीं है। उनके मुताबिक, मौजूदा युवा खिलाड़ियों के पास सभी फॉर्मेट में खुद को साबित करने के लिए काफी प्रतिभा है।
- उन्होंने यह भी कहा कि भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट को मजबूत करना इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि देश का वैश्विक क्रिकेट पर बड़ा प्रभाव है। आईपीएल और सीमित ओवरों के क्रिकेट की सफलता के बीच भारत की टेस्ट क्रिकेट में भी मजबूत भूमिका बनी रहनी चाहिए।



