कमर्शियल लाइसेंस शुल्क समाप्त — भोपाल चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की ऐतिहासिक जीत
अध्यक्ष श्री गोविंद गोयल जी की नई रणनीति, अथक प्रयास और व्यापारिक एकजुटता का परिणाम भोपाल, 19 अगस्त 2026

भोपाल के व्यापारियों के हितों से जुड़े कमर्शियल लाइसेंस शुल्क को समाप्त कराने की दिशा में भोपाल चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज को आज ऐतिहासिक सफलता प्राप्त हुई है। नगर निगम परिषद की बैठक में कमर्शियल लाइसेंस शुल्क को समाप्त किए जाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया।
इस महत्वपूर्ण सफलता के पीछे भोपाल चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष श्री गोविंद गोयल जी के अथक प्रयास, सतत संपर्क, मजबूत रणनीति और नेतृत्व की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कमर्शियल लाइसेंस शुल्क के विषय को लेकर पिछले लगभग तीन वर्षों से विभिन्न स्तरों पर प्रयास किए जा रहे थे। पूर्व में इस विषय को लेकर न्यायालयीन स्तर पर भी प्रयास किए गए, लेकिन अपेक्षित सफलता प्राप्त नहीं होने के बाद भोपाल चेंबर के नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्री गोविंद गोयल जी ने इस पूरे विषय पर नई रणनीति के साथ आगे बढ़ने का निर्णय लिया।
श्री गोविंद गोयल जी ने शासन-प्रशासन एवं भोपाल के जनप्रतिनिधियों के साथ लगातार संपर्क स्थापित किया और इस बात पर व्यापक रणनीति तैयार की कि किस प्रकार कमर्शियल लाइसेंस शुल्क को नगर निगम के स्तर पर ही समाप्त कराया जा सकता है।
नगर निगम परिषद में मुद्दा उठाने की बनाई रणनीति-
श्री गोविंद गोयल जी ने यह रणनीति बनाई कि किसी भी स्थिति में कमर्शियल लाइसेंस शुल्क के विषय को नगर निगम परिषद की बैठक में चर्चा एवं निर्णय के लिए लाया जाए। इसके लिए उन्होंने भोपाल के सभी पार्षदों से व्यक्तिगत रूप से संपर्क किया।
श्री गोयल जी ने सभी 85 पार्षदों को पत्र प्रेषित किए, उनसे फोन पर लगातार चर्चा की, मुलाकातें कीं और उन्हें कमर्शियल लाइसेंस शुल्क से व्यापारियों पर पड़ रहे आर्थिक बोझ की जानकारी देते हुए इस शुल्क को समाप्त कराने में अपना सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया।
इसके साथ ही श्री गोविंद गोयल जी ने महापौर श्रीमती मालती राय जी, नगर निगम अध्यक्ष श्री किशन सूर्यवंशी जी, नगर निगम आयुक्त महोदय, एमआईसी सदस्यों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों से लगातार संपर्क साधा और इस विषय को नगर निगम परिषद के समक्ष लाने के लिए सहयोग का आग्रह किया।
18 अगस्त की आपातकालीन बैठक और 19 अगस्त का विशाल धरना
लगातार प्रयासों के बाद भोपाल चेंबर ने निर्णय लिया कि व्यापारियों की एकजुटता और शक्ति को प्रदर्शित करते हुए नगर निगम परिसद की बैठक के एजेंडा मे सामिल करवाने हेतु नगर निगम के समक्ष एक विशाल एवं शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन किया जाए।
इसी क्रम में 18 अगस्त 2026 को भोपाल चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज द्वारा भोपाल के व्यापारिक संगठनों के अध्यक्षों एवं पदाधिकारियों की आपातकालीन बैठक बुलाई गई। बैठक में व्यापक चर्चा के बाद निर्णय लिया गया कि 19 अगस्त को भोपाल के लगभग 90 व्यापारिक संगठनों एवं बड़ी संख्या में व्यापारियों के साथ नगर निगम कार्यालय, परिषद भवन, आईएसबीटी, भोपाल के समक्ष विशाल शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
इस धरने का मुख्य उद्देश्य नगर निगम परिषद के समक्ष यह मांग रखना था कि कमर्शियल लाइसेंस शुल्क के विषय को तत्काल परिषद के एजेंडे में शामिल कर चर्चा की जाए और व्यापारियों के हित में इसे समाप्त किया जाए।
व्यापारियों की एकजुटता लाई रंग
19 अगस्त को भोपाल चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष श्री गोविंद गोयल जी के नेतृत्व में भोपाल के लगभग 90 व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में व्यापारी नगर निगम कार्यालय, आईएसबीटी में एकत्रित हुए और शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन किया। व्यापारियों की एकजुटता और भोपाल चेंबर द्वारा किए गए लगातार प्रयासों का परिणाम सामने आया। नगर निगम परिषद द्वारा कमर्शियल लाइसेंस शुल्क के विषय को तत्काल एजेंडे में शामिल किया गया और परिषद में इस पर चर्चा की गई।
महापौर श्रीमती मालती राय जी, नगर निगम अध्यक्ष श्री किशन सूर्यवंशी जी, एमआईसी सदस्यों एवं सभी पार्षदों के सहयोग से इस महत्वपूर्ण विषय को परिषद में रखा गया और चर्चा के उपरांत कमर्शियल लाइसेंस शुल्क को समाप्त किए जाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया।
इस प्रकार भोपाल के व्यापारियों पर लागू कमर्शियल लाइसेंस शुल्क को समाप्त करने का रास्ता साफ हो गया है। यह शुल्क मध्य प्रदेश के अन्य शहरों में लागू नहीं था और अब भोपाल के व्यापारियों को भी इससे राहत प्राप्त होगी।
श्री गोविंद गोयल जी ने व्यक्त किया आभार
इस ऐतिहासिक सफलता पर भोपाल चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष श्री गोविंद गोयल जी ने कहा कि यह केवल भोपाल चेंबर की नहीं, बल्कि भोपाल के प्रत्येक व्यापारी और पूरे व्यापारिक समुदाय की जीत है।
उन्होंने इस सफलता के लिए महापौर श्रीमती मालती राय जी, नगर निगम अध्यक्ष श्री किशन सूर्यवंशी जी, नगर निगम आयुक्त महोदय, सभी एमआईसी सदस्यों एवं सभी पार्षदगण का हृदय से आभार व्यक्त किया, जिन्होंने व्यापारी हित को प्राथमिकता देते हुए इस महत्वपूर्ण प्रस्ताव के पक्ष में अपना सहयोग प्रदान किया।
श्री गोविंद गोयल जी ने भोपाल के लगभग 90 व्यापारिक संगठनों के अध्यक्षों, पदाधिकारियों एवं समस्त व्यापारी बंधुओं का भी आभार व्यक्त किया, जिन्होंने चेंबर के आह्वान पर एकजुट होकर इस संघर्ष में सहभागिता की और शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन को सफल बनाया।
भोपाल चेंबर की ऐतिहासिक जीत
भोपाल चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के लिए यह एक ऐतिहासिक जीत है। अध्यक्ष श्री गोविंद गोयल जी के नेतृत्व में चेंबर ने यह साबित किया है कि यदि व्यापारिक समुदाय संगठित होकर किसी न्यायसंगत विषय के लिए लगातार प्रयास करे और सही रणनीति के साथ शासन-प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों के समक्ष अपनी बात रखे, तो सकारात्मक परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं।
भोपाल चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज स्पष्ट करता है कि व्यापारियों के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए चेंबर सदैव तत्पर रहेगा। भविष्य में भी व्यापारिक समुदाय से जुड़े प्रत्येक महत्वपूर्ण विषय को पूरी मजबूती, एकजुटता और प्रभावी रणनीति के साथ उठाया जाएगा।



