खबर
बदायूं में बवाल: आंबेडकर प्रतिमा लगाने को लेकर पथराव, भीड़ ने पुलिस के कई वाहन तोड़े, 12 से अधिक घायल

बदायूं के फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के गांव राजा की सीकरी में ग्राम समाज की खलिहान की भूमि पर बिना अनुमति डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने और गिराकर क्षतिग्रस्त करने के आरोप के बीच मंगलवार को सुबह से शाम तक जमकर बवाल हुआ। सरकारी भूमि पर प्रतिमा स्थापित करने की मांग पर अड़े ग्रामीण शाम को उतने उग्र हो गए कि भीड़ ने पुलिस प्रशासन के अधिकारियों पर पथराव कर दिया। करीब आधे घंटे तक हुए पथराव में एसडीएम, सीओ की गाड़ी सहित एक दर्जन वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। अफसरों ने भागकर खुद को बचाया। पथराव से मौके पर दहशत फैल गई। पथराव में कई नागरिकों के साथ पुलिस प्रशासन के कर्मचारियों के घायल होने की बात सामने आई है। पुलिस फोर्स ने बलपूर्वक बवालियों को खदेड़ते हुए आंबेडकर प्रतिमा कब्जे में कर ली। पुलिस ने करीब 12 लोगों को हिरासत में ले लिया है।






