अध्यात्मखबरमध्य प्रदेश

तेज बारिश भी नहीं रोक सकी कृष्ण भक्ति, 4 किलोमीटर की शोभायात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

6 घंटे में पूरी हुई भव्य यात्रा, 21 स्थानों पर श्रीकृष्ण ने ग्वालों संग फोड़ी माखन मटकी; 50 से अधिक स्थानों पर सामाजिक, व्यापारिक और धार्मिक संस्थाओं ने किया भव्य स्वागत

भोपाल। तेज बारिश के बावजूद कृष्ण भक्ति का उत्साह कम नहीं हुआ। श्री हरिहर महोत्सव समिति द्वारा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर पिछले 14 वर्षों से चली आ रही परंपरा के तहत शुक्रवार को भव्य श्रीकृष्ण जन्माष्टमी शोभायात्रा निकाली गई। श्रीजी मंदिर लखेरापुरा से दोपहर 12:30 बजे प्रारंभ हुई करीब 4 किलोमीटर लंबी शोभायात्रा को पूरा होने में लगभग 6 घंटे का समय लगा। इस दौरान पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही और भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से पुराना भोपाल कृष्णमय हो उठा।

*श्री हरिहर महोत्सव समिति के मीडिया प्रभारी विवेक साहू* ने बताया कि बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना। शोभायात्रा में धार्मिक आस्था के साथ भारतीय संस्कृति, परंपरा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। यात्रा के दौरान 21 स्थानों पर श्रीकृष्ण ने ग्वाल-बालों के साथ माखन मटकी फोड़ी, जिसे देखने के लिए हर स्थान पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

*50 से अधिक स्थानों पर हुआ भव्य स्वागत*

शोभायात्रा के दौरान शहर की 50 से अधिक सामाजिक, व्यापारिक एवं धार्मिक संस्थाओं, संगठनों और विभिन्न मंडलों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। जगह-जगह भगवान श्रीकृष्ण की आरती, पुष्पवर्षा एवं प्रसाद वितरण कर शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया। स्वागत स्थलों पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे, जिससे पूरे मार्ग पर उत्सव जैसा वातावरण बना रहा।

शोभायात्रा में कैलाश पर्वत पर विराजमान भगवान शिव-पार्वती, झूले पर राधा-कृष्ण तथा वासुदेव द्वारा बाल स्वरूप श्रीकृष्ण को टोकरी में लेकर यमुना पार ले जाते हुए मनोहारी झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। भगवान श्रीजी की प्रतिमा भी विशेष आकर्षण का केंद्र रही।

*राजा भोज की जीवंत झांकी ने दिया पर्यावरण बचाने का संदेश*

*समिति के संयोजक अतुल कोशल, अध्यक्ष मनोज साहू ‘कल्लू भैया’ एवं शोभायात्रा संयोजक वात्सल्य जैन ‘सोनू भाभा’* ने बताया कि इस वर्ष शोभायात्रा का विशेष आकर्षण भोपाल के राजा भोज की जीवंत झांकी रही। राजा भोज के माध्यम से जल एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। झांकी ने लोगों को प्राकृतिक संसाधनों को बचाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए पर्यावरण सुरक्षित रखने का संदेश दिया।

शोभायात्रा में मंडला-डिंडोरी की प्रसिद्ध डांस टोलियां, नरसिंहगढ़ एवं ब्यावरा के प्रसिद्ध बैंड, 21 ढोल, डीजे बैंड, घोड़ा-बग्गी एवं दुलदुल घोड़ी भी आकर्षण का केंद्र रहे। भक्ति संगीत और ढोल की थाप पर श्रद्धालु झूमते नजर आए।

*इन मार्गों से होकर निकली शोभायात्रा*

शोभायात्रा श्रीजी मंदिर लखेरापुरा से प्रारंभ होकर चौक बाजार, लोहा बाजार, जुमेराती गेट, छोटे भैया कॉर्नर, घोड़ा निक्कास, मां कर्मा देवी रोड, मंगलवारा चौराहा, जैन मंदिर रोड, इतवारा चौराहा, इलेक्ट्रिकल मार्केट, चिंतामण चौराहा, पीपल चौक, लखेरापुरा, भवानी चौक होते हुए सोमवारा पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।

शोभायात्रा के शुभारंभ से पूर्व *पंडित श्री हेमकांत शर्मा ‘मुखिया जी’* के सानिध्य में *भोपाल सांसद आलोक शर्मा, विधायक भगवानदास सबनानी एवं महापौर श्रीमती मालती राय* ने विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना की। इसके बाद भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों के साथ शोभायात्रा रवाना हुई।

*समिति के महामंत्री संजय सिसोदिया एवं कोषाध्यक्ष महेंद्र सिंह ‘रॉकी’* ने बताया कि आयोजन को लेकर कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह रहा और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई थीं। सह संयोजक अशोक सांकले एवं नितिन जैन ने आयोजन को सफल बनाने में जुटे कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
तेज बारिश के बीच 4 किलोमीटर की यह यात्रा 6 घंटे तक कृष्ण भक्ति, आस्था और उत्साह से सराबोर रही। जगह-जगह हुए स्वागत और हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता ने जन्माष्टमी शोभायात्रा को भोपाल के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में यादगार बना दिया।
शोभायात्रा में अतुल कोशल, मनोज साहू ‘कल्लू भैया’, वात्सल्य जैन ‘सोनू भाभा’, विवेक साहू, अशोक सांकले, संजय सिसोदिया, अवनी शर्मा ‘मोनू’, नितिन जैन, राजकुमार जैन ‘राजा भैया’, राजेंद्र शर्मा, राजीव साहू ‘डब्बू’, राकेश सोनी ‘रक्कू’, अंकित मालपानी, पलाश डाबी, संजय माहवार, आदित्य, ज्यादित्य गोयल, श्रीकुंज मंगल, शिवांग मित्तल, प्रांजल गुप्ता सहित समिति के कार्यकर्ता एवं वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button