भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा को लेकर स्कूलों में प्रशिक्षण, 3 अक्टूबर को प्रदेशभर में आयोजन

भोपाल। भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा को लेकर गायत्री परिवार द्वारा शहर के विभिन्न विद्यालयों में विद्यार्थियों को परीक्षा संबंधी प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन दिया जा रहा है। इसी क्रम में 30सितंबर 2026 को शासकीय माध्यमिक शाला, पुरानी जाटखेड़ी भोपाल में प्रांतीय सचिव श्री अजीत भगत ने विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में सहभागिता के लिए प्रेरित किया तथा ओएमआर आंसर शीट भरने की विधि समझाई।
श्री भगत ने विद्यार्थियों को बताया कि ओएमआर शीट पर प्रश्नों के उत्तर किस प्रकार अंकित किए जाने हैं तथा परीक्षा के दौरान किन बातों का ध्यान रखना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से भारतीय संस्कृति, संस्कार एवं जीवन-मूल्यों से संबंधित इस ज्ञानवर्धक परीक्षा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया।
भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा 3 अक्टूबर 2026 को पूरे प्रदेश में एक साथ आयोजित की जाएगी। परीक्षा की तैयारियों को लेकर अखिल विश्व गायत्री परिवार, भोपाल के कार्यकर्ताओं एवं वॉलंटियर्स द्वारा विभिन्न विद्यालयों में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि विद्यार्थियों को परीक्षा प्रक्रिया की पूरी जानकारी मिल सके।
गायत्री शक्तिपीठ भोपाल के भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा विभाग द्वारा परीक्षा को व्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए निरीक्षकों, समयदानियों एवं कार्यकर्ताओं की ड्यूटी भी निर्धारित की जा रही है। विभाग के के.एल. पटेल ने सभी चेतना केंद्र एवं तहसील केंद्र प्रभारियों से अपने-अपने क्षेत्र के विद्यालयों के अनुसार निरीक्षक, समयदानी एवं कार्यकर्ता भाई-बहनों के नाम शीघ्र भेजने की अपील की है।
परीक्षा 3 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे से प्रारंभ होगी। नियुक्त निरीक्षकों को सुबह 11:30 बजे तक संबंधित विद्यालय में पहुंचकर स्कूल प्रभारी से समन्वय स्थापित कर परीक्षा संपन्न कराने की जिम्मेदारी निभानी होगी।
जिला समन्वयक श्री रमेश नागर ने सभी चेतना केंद्र एवं तहसील केंद्र प्रभारियों से समय पर नाम भेजकर परीक्षा की व्यवस्थाओं में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से अधिक से अधिक विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, संस्कार एवं जीवन-मूल्यों से जोड़ने का यह अभियान प्रभावी रूप से आगे बढ़ेगा।
संपर्क सूत्र: श्री अजीत भगत – 96301 30181 श्री पी.सी. वर्मा – 79997 90545




