नंदा नगर में गूंजा ‘नंद के घर आनंद भयो’, धूमधाम से मनाया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव
सनातन संस्कृति और संस्कारों से नई पीढ़ी को जोड़ने का अनूठा प्रयास — मटकी सजावट एवं सनातन प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाया उत्साह

भोपाल। नंदा नगर स्थित शिव शक्ति दुर्गा मंदिर, कैलाश नगर के पास भगवान श्रीकृष्ण का जन्म महोत्सव नगरवासियों द्वारा श्रद्धा, उमंग और हर्षोल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। स्थानीय पार्षद श्रीमती कुसुम चतुर्वेदी जी ने भी कार्यक्रम में सहभागिता कर आयोजन की गरिमा बढ़ाई।
महोत्सव में बच्चों को सनातन संस्कृति एवं भारतीय परंपराओं से जोड़ने के उद्देश्य से सनातन प्रतियोगिता एवं मटकी सजावट प्रतियोगिता आयोजित की गई। बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। श्री अध्यात्म चिंतन सेवा समिति की ओर से प्रतिभागी बच्चों को उचित एवं प्रोत्साहन स्वरूप उपहार प्रदान किए गए।
समिति के मार्गदर्शक आचार्य पंडित योगेंद्र शास्त्री जी ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्म महोत्सव का आयोजन प्रतिवर्ष किया जाता है। प्रत्येक वर्ष आयोजन में कुछ नया जोड़ने का प्रयास रहता है, ताकि बच्चों और युवाओं को अपनी सनातन संस्कृति, संस्कार एवं भारतीय परंपराओं से जोड़ा जा सके।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में ऐसे सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजनों की आवश्यकता और भी बढ़ गई है। नंदा नगर में समिति द्वारा निरंतर इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित कर संस्कार, संस्कृति और सनातन परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन का प्रयास किया जा रहा है।




