खबरमध्य प्रदेश

मरीजों के उपचार व्यवस्था की मानीटरिंग का माड्यूल बनाएं – उप मुख्यमंत्री उप मुख्यमंत्री ने उपचार व्यवस्था बेहतर करने के दिए निर्देश

भोपाल 06 सितम्बर 2026. उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने मेडिकल कॉलेज सभागार रीवा में आयोजित बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए। बैठक में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रोगियों के उपचार व्यवस्था की सघन मानीटरिंग आवश्यक है। आयुक्त स्वास्थ्य विभाग गंभीर रोगियों के उपचार और निगरानी का माड्यूल बनाकर प्रदेश के सभी मेडिकल कालेजों में लागू करें। गंभीर रोगियों को सीनियर और विशेषज्ञ डॉक्टर्स अनिवार्य रूप से देखें। मेडिकल कालेज के अस्पतालों में सीनियर डॉक्टर से लेकर नर्स तक की जिम्मेदारी तय करें। सीनियर डॉक्टरों तथा गंभीर रोगियों के उपचार के लिए एसओपी तैयार करें। अस्पतालों में आने वाले प्रत्येक रोगी को स्वस्थ करने का सेवा भाव से प्रयास करना डॉक्टरों की जिम्मेदारी है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मेडिकल कालेज में सीटें बढ़ी हैं। अस्पतालों में उपचार सुविधाओं का भी तेजी से विस्तार हो रहा है। मेडिकल कालेज और अस्पतालों के लिए आवश्यक मानव संसाधन की व्यवस्था करें। नर्सों की भर्ती शुरू की जा रही है। इससे नर्सों की कमी दूर होगी। संजय गांधी अस्पताल के गायनी विभाग में रीवा के साथ-साथ आसपास के कई जिलों के रेफरल मरीज आते हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों और जिला चिकित्सालय में भी गर्भवती महिलाओं के उपचार तथा सिजेरियन की उचित व्यवस्था करें जिससे संजय गांधी अस्पताल में रोगियों का दबाव कुछ कम हो। रोगियों को बेहतर उपचार सेवा देने के संबंध में मेडिकल कालेज के विभागाध्यक्ष और सीनियर डॉक्टर पूरी तरह से सक्षम हैं। मानीटरिंग करके व्यवस्थाओं को बेहतर करने की आवश्यकता है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सीनियर डॉक्टर ओपीडी में सेवाएं देते हैं। इसके साथ-साथ मेडिकल कालेज में डॉक्टरों को पढ़ाते हैं। संजय गांधी हास्पिटल के वार्डों का निरीक्षण करना भी उनके प्रोटोकाल में शामिल है। इन सब कार्यों को सही मानीटरिंग व्यवस्था से व्यवस्थित करें। विभागाध्यक्ष और डीन मिलकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। बैठक में वीडियो कान्फ्रेंसिंग से शामिल आयुक्त स्वास्थ्य विभाग एस धनराजू ने कहा कि बैठक में दिए गए निर्देशों का पूरी तरह से पालन किया जाएगा। मेडिकल कालेज के अस्पताल के साथ-साथ सभी अस्पतालों में उपचार व्यवस्था की मानीटरिंग के लिए समुचित प्रबंध किए जाएंगे। बैठक में मेडिकल कालेज के डीन डॉ. सुनील अग्रवाल, संजय गांधी अस्पताल के अधीक्षक डॉ प्रियंक शर्मा, अधीक्षक सुपर स्पेशलिटी डॉ. अक्षय श्रीवास्तव, डॉ. मनोज इंदुलकर, डॉ. नरेश बजाज तथा मेडिकल कालेज के सभी फैकल्टी के विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button