पिता के साथ करता था काम, ट्रेन से कर लिया नाबालिग बेटी का अपहरण… 4 महीने बाद ऐसे खुला राज

उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में राजकीय रेलवे पुलिस ने सूरत-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस से 4 महीने पहले 14 वर्ष की एक लड़की को कथित रूप से अगवा कर उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। जीआरपी ने इसकी जानकारी दी। जीआरपी के सूत्रों के अनुसार राजकीय रेलवे पुलिस के बलिया थाने में बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के शिवाई पट्टी थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला की तहरीर पर अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध अपहरण के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था।
प्राथमिकी के हवाले से सूत्रों ने बताया कि शिकायत दर्ज कराने वाली महिला के अनुसार वह 15 मई को परिवार सहित सूरत-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस से गुजरात के सूरत से रवाना हुई थी और जब बलिया रेलवे स्टेशन पर उसकी नींद खुली तो देखा कि उसकी 14 वर्षीय बेटी लापता है। थाना प्रभारी राज कपूर सिंह ने बताया कि पुलिस ने तीन दिन पहले बलिया रेलवे स्टेशन के पास से किशोरी को मुक्त करा लिया। उन्होंने किशोरी द्वारा पुलिस को दिए गए बयान का हवाला देते हुए बताया कि बिहार के मोतिहारी जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के चकनिया गांव के रुपेश सहनी ने उसे ट्रेन से अगवा कर लिया था और उसे बिहार के हाजीपुर लेकर गया।
सिंह ने बताया कि लड़की का आरोप है कि साहनी ने उससे जबरन शादी की और फिर उससे कई बार दुष्कर्म किया। उन्होंने बताया कि किशोरी के बयान के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 87 (जबरन शादी के लिये मजबूर करना), 115 (जानबूझकर चोट पहुंचाना) और 65(1) (16 वर्ष से कम आयु की बालिका के साथ दुष्कर्म) तथा लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम की सुसंगत धाराओं की वृद्धि की गई।

