कियोस्क संचालकों (बैंक मित्रों) की सुरक्षा, निश्चित मानदेय और अन्य मांगों को लेकर भोपाल के अंबेडकर पार्क में किया प्रदर्शन
बैंक मित्रों को निश्चित मानदेय के साथ संचालन खर्च प्रदान करे सरकार -अमित साहू

भोपाल। मध्य प्रदेश बैंक यूनियन के बैनर तले रविवार को भोपाल के अंबेडकर पार्क में प्रदेशभर से आए कियोस्क संचालकों और बैंक मित्रों ने एक एकजुट होकर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान संचालकों ने सरकार और प्रशासन के सामने अपनी प्रमुख मांगें रखीं, जो कियोस्क संचालन के अस्तित्व और सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी हैं। छतरपुर से आए बैंक मित्र अमित साहू ने कहा कि बैंक मित्रों को निश्चित मानदेय दिया जाए। इसके अलावा शाजापुर से आए अशोक मंडोलिया, रोहित तिवारी और राहुल राठौर ने संचालन में आने वाले खर्च में सरकार से सहायता मिलनी चाहिए। साथ ही मानदेय निर्धारित किया जाए।
प्रमुख मांगें:
पूर्ण सुरक्षा प्रदान की जाए: आए दिन कियोस्क संचालकों के साथ होने वाली अनहोनी को रोकने के लिए सरकार द्वारा पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
संचालन की समय-सीमा तय हो: बैंक कियोस्क को संचालित करने के लिए एक निश्चित समय-सीमा निर्धारित की जाए।
निश्चित मानदेय (फिक्स्ड सैलरी): शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के कियोस्क संचालकों के लिए दुकान का किराया, बिजली, पानी और पंखे का खर्च तथा अन्य बुनियादी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए एक निश्चित मानदेय तय किया जाए।
खर्चों का वहन: बैंकिंग स्टेशनरी और बैंकिंग आउटलेट संचालन में आने वाले व्यय का उचित भुगतान किया जाए।
कियोस्क संचालकों का कहना है कि यदि उनकी इन जायज मांगों पर जल्द ही ध्यान नहीं दिया गया, तो आंदोलन को और अधिक तीव्र किया जाएगा।





