करीब 280 किमी एक्टिवा चलाकर सतना पहुंचा युवक, दो बच्चों की मां पर किया हमला

सतना में कलेक्ट्रेट के सामने स्कूटी सवार महिला पर हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी सागर का रहने वाला है और एक्टिवा से सागर से सतना आया था। महिला पर हमला करने के बाद आरोपी एक्टिवा से सागर भाग रहा था जिसे पुलिस ने रास्ते में गिरफ्तार कर लिया। शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी महिला पर शादी के लिए दबाव बना रहा था और जब महिला ने शादी करने से इंकार किया तो आरोपी आपा खो बैठा और महिला पर हमला कर घायल कर दिया।
कलेक्ट्रेट के सामने महिला पर हमला
सतना में गुरुवार सुबह 32 साल की महिला पर कलेक्ट्रेट के सामने एक युवक ने हमला कर दिया। महिला स्कूटी से जा रही थी तभी आरोपी पीछे से स्कूटी पर आया और महिला पर हमला कर फरार हो गया। घायल हालत में महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घायल हालत में महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी सूरज जाटव जो कि सागर का रहने वाला है उसने हमला किया था।




