मध्य प्रदेश

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री श्री शाह के मध्यप्रदेश प्रवास की तैयारियों की समीक्षा की

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि आगामी तीन अक्टूबर को केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह प्रदेश को कई सौगातें देने भोपाल आ रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आज मंत्रालय में सम्पन्न बैठक में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री शाह के प्रस्तावित आगमन के संबंध में मुख्य सचिव सहित वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वीडियो कांफ्रेंस द्वारा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियों के निर्देश भी दिए। अतिथियों एवं नागरिकों के लिए बैठक व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता और अन्य व्यवस्थाओं को सुनिश्चित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि शनिवार, 3 अक्टूबर को भोपाल के भेल दशहरा मैदान में राज्यस्तरीय गौपालक सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। गोपालक सम्मेलन स्थल पर केंद्रीय मंत्री श्री शाह न्याय संहिता पर  केंद्रित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन एवं अवलोकन करेंगे।

केंद्रीय मंत्री श्री शाह इसके बाद राज्य स्तरीय गोपालक सम्मेलन को संबोधित करेंगे। केंद्रीय मंत्री श्री शाह भोपाल बायपास भौरी के पास आईआईएसईआर (अत्रि) परिसर का शिलान्यास और परिसर में स्थापित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे। शाम को केंद्रीय गृह मंत्री श्री शाह नई दिल्ली प्रस्थान करेंगे।

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार केंद्रीय गृहमंत्री श्री शाह प्रदेश में दुग्ध संयंत्र, डेयरी प्रसंस्करण और गुणवत्ता जांच लैब की विभिन्न सौगात भी देंगे। इन परियोजनाओं में उज्जैन में 255 करोड़ रुपए की लागत का डेयरी प्लांट और भोपाल में फार्मेटेड प्रोडक्ट दूध प्लांट भी शामिल है। इस अवसर पर भोपाल पश्चिमी बायपास का भूमि पूजन भी किया जाएगा। केंद्रीय गृहमंत्री श्री शाह भोपाल और इंदौर दुग्ध संघ पशुपालकों को बोनस वितरण, गौशालाओं की सहायता के लिए राशि प्रदान करेंगे। साथ ही गोपालक दीदीयों के सम्मान और उन्हें डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के स्वीकृति पत्र वितरित किए जाएंगे।

केंद्रीय मंत्री श्री शाह को प्रदेश में कृषक कल्याण वर्ष के अंतर्गत सम्पन्न गतिविधियों और बलराम कृषि महोत्सव के अभिनव आयोजन की विस्तृत जानकारी भी दी जाएगी। कार्यक्रम में गृह विभाग, पशुपालन एवं डेयरी विभाग, सहकारिता विभाग, लोक निर्माण विभाग, परिवहन विभाग के कार्यों के प्रेजेंटेशन भी होंगे। कार्यक्रम में भोपाल, सीहोर, बैतूल, राजगढ़, हरदा, गुना, अशोकनगर, शाजापुर, विदिशा, रायसेन नर्मदापुरम जिलों के साथ प्रदेश के 35 हजार से अधिक गोपालक और दुग्ध सहकारी समितियों के सदस्यों की भागीदारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button