खेलमध्य प्रदेश

खेल, सहयोग और एकता के संदेश के साथ पर्यटन विभाग के कर्मचारियों ने लिया उत्साहपूर्वक भाग

एमपी टूरिज्म कर्मचारी एकता क्रिकेट टूर्नामेंट 2026

भोपाल, 25 अक्टूबर।मध्य प्रदेश राज्य पर्यटन अधिकारी एवं कर्मचारी महासंघ के तत्वावधान में एमपी टूरिज्म कर्मचारी एकता क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 का आयोजन 24 से 26 अक्टूबर 2026 तक पुलिस ग्राउंड, नेहरू नगर, भोपाल में किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश पर्यटन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की आठ टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया है।

प्रतियोगिता में एमपीटी फाइनेंस, एमपीटी बिजनेस, एमपीटी इन्वेस्टमेंट प्रमोशन, एमपीटी मार्केटिंग, एमपीटी न्यू थिंक, एमपीटी इंजीनियर, एमपीटी इवेंट्स एवं एमपीटी एचआर की टीमों ने हिस्सा लिया। मध्य प्रदेश पर्यटन विकास निगम (MPSTDC) एवं मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड (MPTB) के विभिन्न विभागों और इकाइयों के कर्मचारियों ने खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

टूर्नामेंट के अंतर्गत आज खेले गए चार लीग मुकाबलों में एमपीटी बिजनेस, एमपीटी फाइनेंस, एमपीटी इन्वेस्टमेंट प्रमोशन एवं एमपीटी न्यू थिंक की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने मुकाबलों में जीत दर्ज की।

इस आयोजन में पर्यटन विभाग के अंतर्गत संचालित होटलों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। होटल प्रबंधन, इंजीनियर्स, फाइनेंस, ट्रांसपोर्ट, फ्रंट ऑफिस, शेफ, वेटर एवं अन्य कर्मचारियों की भागीदारी ने आयोजन को और अधिक विशेष बनाया तथा आपसी सहयोग, समर्पण एवं एकता का संदेश दिया।

प्रतियोगिता का उद्देश्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच आपसी समन्वय, टीम भावना, सहयोग तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना है। यह आयोजन कार्यालयीन कार्यों से इतर सभी को एक मंच पर लाकर आपसी सौहार्द एवं संगठनात्मक एकता को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

प्रतियोगिता के अंतिम चरण में सोमवार, 26 अक्टूबर 2026 को शेष लीग मुकाबलों के साथ सेमीफाइनल एवं फाइनल मैच खेले जाएंगे। इन मुकाबलों के उपरांत टूर्नामेंट की विजेता टीम का निर्णय होगा।

टूर्नामेंट की विजेता टीम को मध्य प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम के प्रबंध संचालक दिलीप यादव एवं मध्य प्रदेश शासन के पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. इलैयाराजा टी. द्वारा ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे।

यह आयोजन खेल भावना के माध्यम से मध्य प्रदेश पर्यटन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच एकता, सहयोग और आपसी सौहार्द को सुदृढ़ करने के साथ-साथ एक सकारात्मक एवं ऊर्जावान कार्य संस्कृति को प्रोत्साहित कर रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button