भोपाल में सीनियर महिला फुटबॉल टीम के चयन शिविर का शुभारंभ, 10 नवंबर को होगी टीम की घोषणा
भोपाल। भोपाल जिला फुटबॉल एसोसिएशन की ओर से बरकतुल्लाह विश्वविद्यालय (BU) ग्राउंड पर 31 अक्टूबर से 10 नवंबर तक सीनियर महिला फुटबॉल टीम के चयन एवं प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में भोपाल की विभिन्न फुटबॉल अकादमियों और क्लबों से जुड़ी महिला खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
10 दिनों तक चलने वाले इस शिविर में महिला खिलाड़ियों को फुटबॉल के तकनीकी कौशल, खेल की बारीकियों, रणनीति एवं बेहतर प्रदर्शन के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। शिविर के समापन के बाद खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर भोपाल जिला सीनियर महिला फुटबॉल टीम का चयन कर आधिकारिक घोषणा की जाएगी।
चयनित टीम आगामी 20 नवंबर को सिंगरौली में आयोजित होने वाली इंटर डिस्ट्रिक्ट फुटबॉल प्रतियोगिता में भोपाल जिले का प्रतिनिधित्व करेगी।
खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने की जिम्मेदारी सीनियर कोच सैफ उद्दीन एवं चंचल सिंह को सौंपी गई है। दोनों कोच शिविर के दौरान खिलाड़ियों की प्रतिभा, तकनीकी क्षमता और खेल प्रदर्शन का मूल्यांकन करेंगे।
शिविर का उद्घाटन भोपाल जिला फुटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल तंवर एवं उपाध्यक्ष तनवीर दाद की उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए बेहतर प्रदर्शन करने और आगामी प्रतियोगिता में भोपाल का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।



