दीपावली की खुशियां बांटने वनवासी कन्या छात्रावास पहुंचे समाजसेवी, 51 बालिकाओं के साथ मनाया उत्सव
नवजीवन सेवा समिति एवं माता महालक्ष्मी अन्नक्षेत्र खेल, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और उपहारों के बीच बच्चों ने मनाया दीपावली पूर्व स्नेह मिलन

भोपाल, त्योहारों की खुशियां अपनों के साथ बांटने का आनंद उस समय और बढ़ जाता है, जब इसमें जरूरतमंद बच्चों का स्नेह भी शामिल हो। इसी भाव के साथ नवजीवन सेवा समिति एवं माता महालक्ष्मी अन्नक्षेत्र द्वारा सेवा भारती के निर्मला देवी सगदेव वनवासी कन्या छात्रावास E4,अरेरा कालोनी में दीपावली पूर्व स्नेह मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें दूर-दराज के क्षेत्रों से आकर शिक्षा ग्रहण कर रहीं 51 आदिवासी बालिकाओं के साथ दीपावली की खुशियां साझा की गईं।कार्यक्रम में बालिकाओं के लिए मनोरंजक खेल, प्रश्नोत्तरी एवं विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। सही जवाब देने वाली बालिकाओं को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। बालिकाओं ने सामूहिक नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को उत्साह और उमंग से भर दिया। इस अवसर पर सभी बालिकाओं को दीपावली के उपहार एवं मिठाई वितरित की गई। छात्रावास के कर्मचारियों को भी दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए मिष्ठान भेंट किया गया। अंत में सभी बालिकाओं के लिए सामूहिक भोजन की व्यवस्था की गई। समिति अध्यक्ष सत्येंद्र अग्रवाल ने कहा कि बच्चों के जीवन में खुशियां लाने के लिए केवल आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें प्यार, अपनत्व और गुणवत्तापूर्ण समय देना भी उतना ही जरूरी है। बच्चों के चेहरों पर मुस्कान देखना ही ऐसे आयोजनों की वास्तविक सफलता है।मीडिया प्रभारी भगवान दास ढालिया ने कहा कि त्योहारों का वास्तविक अर्थ तभी सार्थक होता है, जब समाज के जरूरतमंद वर्ग भी हमारी खुशियों का हिस्सा बनें। वनवासी छात्रावास की बालिकाओं के साथ दीपावली मनाना सामाजिक संवेदनशीलता, सेवा और आत्मीयता का संदेश देता है। ऐसे आयोजन समाज में आपसी जुड़ाव और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।कार्यक्रम में तरंग अग्रवाल, विनीता दिवाकर, नेहा गुप्ता, गौरव भार्गव, अनिता चावला, संस्था के अध्यक्ष राजेश रमतानी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।





