नीतीश भारद्वाज: ‘तारीफ करने लायक नहीं’, ‘रामायण’ देखकर भड़के ‘महाभारत’ के कृष्ण, पहले जताई थी ऑस्कर की उम्मीद

रणबीर कपूर और यश की अदाकारी से सजी फिल्म ‘रामायण’ बॉक्स ऑफिस पर अच्छी कमाई कर रही है। दर्शकों से फिल्म को मिला जुला रिस्पॉन्स मिल रहा है। इस बीच बीआर चोपड़ा की ‘महाभारत’ में भगवान कृष्ण का किरदार निभाने वाले अभिनेता नीतीश भारद्वाज ने फिल्म को लेकर निराशा जताई है। उन्होंने एक पोस्ट लिखकर कहा है कि वह ‘रामायण’ को लेकर अपनी शुरुआती तारीफ वापस ले रहे हैं, क्योंकि वह इस फिल्म से आहत हैं। उन्होंने पहले फिल्म की तारीफ करते हुए ऑस्कर की उम्मीद जताई थी।क्या बोले नीतीश भारद्वाज?
इंस्टाग्राम पर नीतीश ने लिखा, ‘रामायण भारत के डीएनए में बसी है। रामायण सिर्फ एक कहानी नहीं है। यह सनातन भारत की सभ्यता और आध्यात्मिक चेतना में गहराई से रची-बसी है। इसके नायक, नायिका और खलनायक इस महाकाव्य के मूल्यों और संदेश का अहम हिस्सा हैं। उनके चरित्र और महत्व को यूं ही मनमाने ढंग से नहीं बदला जा सकता।’रावण के किरदार पर जताई आपत्ति
उन्होंने आगे लिखा, ‘भगवान विष्णु ने धर्म और परंपरा की रक्षा करने तथा मर्यादा स्थापित करने के लिए राम का अवतार लिया था। मेरी नजर में रावण को एक बेहद उदार, सामाजिक न्याय का समर्थक और निष्पक्ष व्यक्ति के रूप में दिखाकर, यह फिल्म रामायण के नैतिक ढांचे को बदल देती है। इस अवतार के मूल उद्देश्य को ही कमजोर कर देती है।नीतीश ने क्यों वापस ली अपनी पोस्ट?
उन्होंने आगे कहा कि वह ‘रामायण’ पर अपनी पिछली पोस्ट वापस ले रहे हैं। उन्होंने लिखा, ‘मैं अपनी शुरुआती तारीफ वापस लेता हूं। मैं इस फिल्म से बहुत आहत और निराश हूं। मैं इसे लेकर की गई अपनी पिछली पोस्ट वापस लेता हूं। मुझे इस फिल्म के बारे में कहने के लिए एक भी अच्छी बात नहीं मिल रही है। VFX का तमाशा इस महाकाव्य के मूल मूल्यों, दार्शनिक गहराई और आध्यात्मिक सार की जगह कभी नहीं ले सकता।’अंतरराष्ट्रीय स्तर प्रतिनिधित्व करने लायक नहीं है फिल्म
उन्होंने अपनी बात खत्म करते हुए कहा, ‘हमारी सांस्कृतिक विरासत को जिम्मेदारी के साथ पेश किया जाना चाहिए। मेरी राय में, यह फिल्म अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय सिनेमा का प्रतिनिधित्व करने के लायक नहीं है, क्योंकि इसकी कहानी भारत के इतिहास, विरासत और मुख्य आध्यात्मिक मूल्यों को गलत तरीके से पेश करती है।’



