खबरमध्य प्रदेश

बसामन मामा गौवंश वन्य विहार को मॉडल फार्म के रूप में विकसित कर राष्ट्रीय स्तर की पहचान दिलाना है – उप मुख्यमंत्री शुक्ल उप मुख्यमंत्री ने वन्य विहार में की गौसेवा, प्राकृतिक खेती व विकास कार्यों की समीक्षा कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

भोपाल 13 नवंबर 2026. उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने बसामन मामा गौवंश वन्य विहार का भ्रमण कर वहां संचालित विकास कार्यों, गौसंवर्धन गतिविधियों और प्राकृतिक खेती का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने गौवंश के बीच पहुंचकर अत्यंत आत्मीयता के साथ सुकून के क्षण व्यतीत किए और गौमाता को अपने हाथों से गुड़ एवं हरी घास खिलाकर गौसेवा की। इस अवसर पर गौसेवा के महत्व को रेखांकित करते हुए श्री शुक्ल ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौमाता का स्थान सर्वोच्च है। गौसेवा न केवल आध्यात्मिक शांति प्रदान करती है, बल्कि यह ग्रामीण अर्थव्यवस्था और पर्यावरण संरक्षण की भी धुरी है। उन्होंने कहा कि गौवंश के संरक्षण और संवर्धन से ही समाज और कृषि का समग्र विकास संभव है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को गौसेवा के इस पुनीत कार्य से जुड़ना चाहिए।
​उप मुख्यमंत्री ने वन्य विहार परिसर में प्राकृतिक पद्धति से उगाए जा रहे विभिन्न फलों एवं सब्जियों की खेती का अवलोकन किया। इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने उपस्थित जनों से कहा कि रासायनिक खादों के अत्यधिक उपयोग से आज मानव स्वास्थ्य और भूमि दोनों पर गंभीर संकट मंडरा रहा है। प्राकृतिक पद्धति से की जाने वाली खेती हमारे स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी है और इससे मिट्टी की उर्वरा शक्ति भी क्षीण नहीं होती, बल्कि भूमि अधिक उपजाऊ बनती है। उन्होंने कहा कि यह समय की मांग है कि हम अपनी पारंपरिक और जहरमुक्त खेती की ओर लौटें। श्री शुक्ल ने आह्वान किया कि सभी लोग स्वयं प्राकृतिक खेती अपनाएं और जिले भर में अन्य किसानों को भी इसके प्रति प्रेरित करें, ताकि पूरे जिले में प्राकृतिक खेती को एक जन-आंदोलन के रूप में फैलाया जा सके। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने वन्य विहार में संचालित सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बसामन मामा मुख्य मार्ग से वन्य विहार परिसर तक के 2.5 किलोमीटर लंबे मार्ग का शीघ्र डामरीकरण कार्य पूरा कराएं। गौवंश के लिए पर्याप्त भूसा-चारा, शेड, पशु वाहन एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित कराएं। गोबर से बनने वाले विभिन्न उत्पादों को तैयार करने के लिए मास्टर ट्रेनरों को प्रशिक्षित कर यहां तैनात करें, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित हों। सीएनजी प्लांट, गोबर उत्पाद, प्राकृतिक खेती और अन्य नवाचारों के माध्यम से इस वन्य विहार को एक मॉडल फार्म के रूप में विकसित कर राष्ट्रीय स्तर की पहचान दिलाना है।
​बैठक में बताया गया कि परिसर में प्राकृतिक खेती से तीन प्रकार के गेहूं, धान तथा सब्जियों में गोभी, पालक, लौकी और लाल भाजी की सफल पैदावार की गई है। इस पर उप मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि प्राकृतिक खेती से उत्पादित धान और सब्जियों के आकर्षक पैकेट तैयार कर उन पर लेबल लगाकर आमजन में जागरूकता के लिए वितरित कराएं। समीक्षा बैठक के उपरांत उप मुख्यमंत्री ने वन क्षेत्र की 8 एकड़ भूमि पर गौमाता के भोजन के लिए विशेष रूप से विकसित किए गए चारागाह का भी अवलोकन किया और व्यवस्थाओं की सराहना की। उप मुख्यमंत्री ने बसामन मामा मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। ​इस अवसर पर पूर्व विधायक श्री केपी त्रिपाठी, एसडीएम अदिति जैन, जिला पंचायत परियोजना अधिकारी डॉ. संजय सिंह सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button