खबर

पैतृक जमीन बेचने पर घर में मचा बवाल, मां-बेटे और दादी की जहर खाने से मौत

 बिहार के वैशाली जिले में पैतृक जमीन बेचने को लेकर हुए घरेलू विवाद के बाद कथित तौर पर जहर खाने से एक महिला, उसके 12 वर्षीय बेटे और सास की मौत हो गई जबकि महिला की 15 वर्षीय बेटी का अस्पताल में इलाज जारी है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। यह घटना बृहस्पतिवार रात गोरौल थाना क्षेत्र के प्रेमराज गांव में हुई। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान सीमा देवी (35), उनके बेटे मुन्ना कुमार (12) और सास निर्मला देवी (55) के रूप में हुई है।

गोरौल थाना प्रभारी सुनील कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने नाबालिग लड़की को अस्पताल पहुंचाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सीमा के पति राहुल ने शनिवार को परिवार की पैतृक जमीन का एक हिस्सा कथित तौर पर चोरी-छिपे बेच दिया था और इसकी जानकारी मिलने पर सीमा ने जमीन की रजिस्ट्री से संबंधित दस्तावेज की प्रति हासिल कर बिक्री का विरोध करते हुए पति से इस बारे में सवाल किया। उन्होंने बताया कि राहुल ने बृहस्पतिवार को घर छोड़ने से पहले अपनी मां और पत्नी के साथ मारपीट की थी।

स्थानीय लोगों के अनुसार, इसके बाद मां और पत्नी ने कथित तौर पर जहर खा लिया तथा अपने दोनों बच्चों को भी जहर दे दिया। उन्होंने बताया कि सीमा और उनकी सास लंबे समय से राहुल द्वारा बार-बार पैतृक जमीन बेचे जाने का विरोध कर रही थीं। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है, ताकि तीनों की मौत के पीछे की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button