Govinda संग कोमल रानी की रोमांटिक तस्वीरें हुई वायरल, आंखों में आंखें डाल दिए पोज!

बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। पत्नी सुनीता आहूजा के साथ रिश्तों में कथित अनबन और अभिनेत्री कोमल रानी स्वर्णकार के साथ उनकी नजदीकियों को लेकर पहले से ही कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं। इसी बीच कोमल रानी ने सोशल मीडिया पर गोविंदा के साथ कुछ नई तस्वीरें शेयर कर दी हैं। तस्वीरों में दोनों एक-दूसरे के साथ पोज देते नजर आ रहे हैं। हालांकि, इस पोस्ट पर सबसे ज्यादा ध्यान राखी सावंत के रिएक्शन ने खींचा, जिन्होंने गुस्से वाले इमोजी शेयर किए। इसके बाद सोशल मीडिया पर एक बार फिर इस मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
गोविंदा संग तस्वीरें शेयर कर कोमल रानी ने लिखा खास कैप्शन
दरअसल, कोमल रानी स्वर्णकार ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर गोविंदा के साथ तस्वीरों की एक सीरीज साझा की है। इन तस्वीरों में कोमल लैवेंडर रंग की खूबसूरत साड़ी में नजर आ रही हैं, जबकि गोविंदा सफेद शर्ट, मैचिंग ब्लेजर और काले रंग की ट्राउजर में दिखाई दे रहे हैं। दोनों कैमरे के सामने अलग-अलग अंदाज में पोज देते दिखे। इन तस्वीरों को शेयर करते हुए कोमल ने कैप्शन में लिखा, ‘रूपा की खूबसूरत झलक’। पोस्ट सामने आते ही सोशल मीडिया यूजर्स ने इस पर प्रतिक्रियाएं देनी शुरू कर दीं। कुछ लोग दोनों की आने वाली फिल्म को लेकर उत्साहित नजर आए, तो कुछ ने तस्वीरों पर सवाल उठाए।

राखी सावंत ने शेयर किए गुस्से वाले इमोजी
कोमल रानी की इस पोस्ट पर राखी सावंत का रिएक्शन भी चर्चा का विषय बन गया। राखी ने तस्वीरों पर एक के बाद एक कई लाल रंग के गुस्से वाले इमोजी शेयर किए। गौरतलब है कि राखी पहले भी सुनीता आहूजा के समर्थन में बयान दे चुकी हैं और गोविंदा को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर कर चुकी हैं। ऐसे में उनका यह रिएक्शन सोशल मीडिया यूजर्स का ध्यान खींच रहा है।
सुनीता आहूजा ने अपनी शादी को लेकर कही थी ये बात
गोविंदा और सुनीता आहूजा की शादीशुदा जिंदगी को लेकर चर्चाएं उस समय तेज हुई थीं, जब सुनीता ने पिंकविला के साथ होम टूर के दौरान अपने रिश्ते पर बात की थी। करीब 40 साल की शादी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा था, ’40 साल की शादी है, क्यों नहीं रहेगी? वक्त-वक्त की बात है, वह अपना कर रहे हैं, मैं अपना कर रही हूं। अलग तो इस दुनिया में मुझे और उसे कोई नहीं कर सकता। सुनीता के इस बयान से उनके रिश्ते को लेकर उनका भरोसा जाहिर हुआ था। उन्होंने यह भी कहा था कि उन्होंने बाकी चीजें भगवान पर छोड़ दी हैं। उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दी थीं।

कोमल रानी के इस बयान ने भी बटोरी थीं सुर्खियां
इससे पहले कोमल रानी स्वर्णकार भी अपने नाम को गोविंदा और सुनीता के रिश्ते से जोड़े जाने पर प्रतिक्रिया दे चुकी हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा था, ‘जो घर पहले से ही टूटा हुआ हो, उसे कोई और नहीं तोड़ सकता।’ हालांकि, उन्होंने इस पोस्ट में किसी का नाम नहीं लिया था। कोमल ने अपने नाम को निजी रिश्तों से जोड़कर चर्चा किए जाने पर भी आपत्ति जताई थी। उन्होंने लोगों से अपील की थी कि किसी एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए उनका नाम इस्तेमाल न किया जाए।
गोविंदा ने कोमल के साथ रिश्ते पर दी थी सफाई
गोविंदा और कोमल रानी को पहले भी एयरपोर्ट पर साथ देखा गया था। दोनों के लालबागचा राजा के दर्शन के लिए साथ पहुंचने के बाद भी उनकी नजदीकियों को लेकर चर्चाएं हुई थीं। इसके बाद सुनीता आहूजा के बयानों के बीच गोविंदा ने सफाई देते हुए कहा था कि कोमल के साथ उनका रिश्ता काम तक सीमित है। उन्होंने बताया था कि दोनों एक फिल्म पर काम कर रहे हैं और फिल्म के प्रमोशन के सिलसिले में साथ नजर आते हैं। गोविंदा और कोमल की नई तस्वीरें सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स की प्रतिक्रियाएं भी देखने को मिलीं। कुछ लोगों ने तस्वीरों पर नाराजगी जताई, तो कुछ ने इसे फिल्म से जुड़ा प्रमोशनल पोस्ट बताया। वहीं कई यूजर्स सुनीता आहूजा की अगली प्रतिक्रिया का इंतजार कर रहे हैं।




