
ऑस्ट्रेलिया में घने जंगल में 6 दिनों तक जिंदगी की जंग लड़ने वाले 17 साल के विलियम की कहानी इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। बिना फोन और खाने-पीने के इंतजाम के जंगल में फंसे विलियम ने सिर्फ एक पैकेट आलू के चिप्स के सहारे छह दिन गुजारे। आखिरकार जब उसे बचाने के लिए हेलीकॉप्टर पहुंचा, तो उसे देखकर उसकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। रेस्क्यू का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
कैसे जंगल में लापता हुआ विलियम?
BBC की रिपोर्ट के अनुसार, विलियम पिछले शुक्रवार को अपने एक दोस्त के साथ कैंपिंग के लिए निकला था। यह जगह ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न शहर से करीब 180 किलोमीटर दूर थी। इसी दौरान वह अपने दोस्त से बिछड़ गया और जंगल में लापता हो गया। विलियम की तलाश के लिए अधिकारियों ने बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया। इसमें खोजी कुत्तों, गोताखोरों और हेलीकॉप्टरों की मदद ली गई। दूसरी तरफ, उसका परिवार लगातार उसकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए बैठा था। विलियम की मां एलिजाबेथ बार्कले ने बताया कि उनका बेटा अब ठीक है और उसे शरीर पर सिर्फ कुछ खरोंचें आई हैं।
जहरीले सांपों के बीच फंसा था किशोर
जिस इलाके में विलियम लापता हुआ था, वहां जहरीले सांपों की मौजूदगी के कारण उसकी जान को खतरा था। परिवार भी इसी बात को लेकर काफी चिंतित था। पुलिस के मुताबिक, विलियम एक चट्टान से नीचे गिर गया था और ऐसी जगह फंस गया, जहां से बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं था। उसके पास मोबाइल फोन भी नहीं था, जिससे वह किसी से संपर्क कर पाता। कई दिनों तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद आखिरकार बचाव दल ने उसे ढूंढ निकाला। इसके बाद हेलीकॉप्टर की मदद से उसे सुरक्षित बाहर निकाला गया और परिवार तक पहुंचाया गया।




