खबर

पंजाब में दर्दनाक सड़क हादसा: दो बसों में हुई जोरदार टक्कर, पांच श्रद्धालुओं की मौत; कई घायल

तरनतारन जिले के कस्बा नौशहरा पन्नुआं के नजदीक राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना से संबंधित दो बसों की आपस में टक्कर हो गई। हादसे में पांच श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। पांच गंभीर रूप से घायलों को उपचार के लिए गुरु नानक देव मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, अमृतसर में भर्ती करवाया गया है। अन्य घायलों का उपचार सिविल अस्पताल तरनतारन में चल रहा है।बाइक सवार को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा
डिप्टी कमिश्नर डॉ. निर्मल ओसेपचन ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में दोनों बसें आपस में टकरा गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इसमें कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग भी राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए।उन्होंने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही सिविल एवं पुलिस प्रशासन की टीमें, सड़क सुरक्षा फोर्स और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गईं। घायलों को तत्काल बसों से बाहर निकालकर अस्पतालों में पहुंचाया गया। प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्य में तेजी दिखाई गई।डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि वह स्वयं और एसएसपी सुरेंद्र लांबा भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने सिविल अस्पताल तरनतारन पहुंचकर भर्ती घायलों से मुलाकात की और उनके उपचार संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

डिप्टी कमिश्नर के अनुसार, हादसे में चार लोगों की मौत मौके पर ही हो गई थी, जबकि अमृतसर रेफर किए गए छह गंभीर घायलों में से एक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस तरह मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है।

उन्होंने बताया कि मृतकों एवं घायलों से संबंधित आवश्यक कार्रवाई के लिए फरीदकोट और श्री मुक्तसर साहिब के डिप्टी कमिश्नरों के साथ भी तालमेल किया जा रहा है। प्रशासन की ओर से घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button