खबरमध्य प्रदेश

8वीं टैगोर चिल्ड्रन पेंटिंग प्रतियोगिता 2026 का आयोजन 29 नवंबर को, चार श्रेणियों में स्कूली विद्यार्थी दिखाएंगे अपनी रचनात्मक प्रतिभा

भोपाल। बच्चों में कला, कल्पनाशीलता और रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विश्वरंग के अंतर्गत रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय (RNTU) एवं स्कोप ग्लोबल स्किल्स यूनिवर्सिटी (SGSU) के संयुक्त तत्वावधान में 8वीं टैगोर चिल्ड्रन पेंटिंग प्रतियोगिता 2026 का आयोजन 29 नवंबर 2026 को किया जाएगा। प्रतियोगिता स्कोप ग्लोबल स्किल्स यूनिवर्सिटी परिसर, भोपाल में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होगी।

इस अवसर पर विश्वरंग के निदेशक एवं रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. संतोष चौबे ने कहा कि बच्चों की कल्पनाशीलता और रचनात्मकता को अभिव्यक्ति के लिए उचित मंच मिलना बेहद आवश्यक है। कला बच्चों को अपनी सोच, संवेदनाओं और विचारों को स्वतंत्र रूप से व्यक्त करने का अवसर देती है। टैगोर चिल्ड्रन पेंटिंग प्रतियोगिता इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

स्कोप ग्लोबल स्किल्स यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति डॉ. सिद्धार्थ चतुर्वेदी ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में कला और रचनात्मक गतिविधियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, कल्पनाशक्ति और नई चीजें सीखने की रुचि विकसित करने के साथ उनकी छिपी प्रतिभाओं को सामने लाने का अवसर प्रदान करती हैं।

यह प्रतियोगिता स्कूली विद्यार्थियों को अपनी कला प्रतिभा, कल्पनाशक्ति और रचनात्मक सोच को रंगों एवं चित्रों के माध्यम से अभिव्यक्त करने का अवसर प्रदान करेगी। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों को चार श्रेणियों में विभाजित किया गया है, जिनमें कक्षा 3 से 5, कक्षा 6 से 7, कक्षा 8 से 9 तथा कक्षा 10 से 12 तक के विद्यार्थी भाग ले सकेंगे।

प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को अपनी कल्पना के अनुसार किसी भी विषय पर चित्र बनाने की स्वतंत्रता होगी। बच्चे अपनी पसंद के विचार और विषय को रंगों के माध्यम से कलाकृति का रूप दे सकेंगे। आयोजकों द्वारा सभी प्रतिभागियों को ए3 आकार की ड्राइंग शीट उपलब्ध कराई जाएगी। प्रतिभागियों को अपने रंग, ब्रश, पानी का कंटेनर एवं अन्य आवश्यक सामग्री स्वयं लेकर आना होगा।

प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को सहभागिता प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा। वहीं, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं के लिए आकर्षक पुरस्कार भी रखे गए हैं। आयोजकों ने प्रतिभागियों से निर्धारित समय से 20 से 30 मिनट पहले आयोजन स्थल पर पहुंचने की अपील की है।

प्रतियोगिता के लिए पंजीयन हेतु विश्वरंग की आधिकारिक वेबसाइट www.vishwarang.com पर दिए गए क्यूआर कोड को स्कैन कर आवेदन किया जा सकता है। अधिक जानकारी एवं पूछताछ के लिए डॉ. अर्जुन कुमार सिंह (8437190421) एवं सुश्री दिव्या सिंह (7761938768) से संपर्क किया जा सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button