खबरमध्य प्रदेश

संतों का सानिध्य प्रेरणा प्रदान करता है – मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को इंदौर में श्रीमद् विजय नित्यसेनसूरीश्वरजी महाराज से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जनकल्याणकारी कार्यों और जनसेवा के दायित्वों का निर्वहन करते हुए संतों का सानिध्य हमें संबल और प्रेरणा प्रदान करता है। जीवन और शासन के कार्यों में संतों का आशीर्वाद हमें निरंतर सद्कार्य करने की शक्ति देता है।

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि प्रदेश में सरकार बनने के बाद गुरुवर एवं संत समाज के आशीर्वाद से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। सरकार ने सामाजिक अनुशासन और जनहित को ध्यान में रखते हुए खुले में मांस विक्रय पर प्रतिबंध लगाने के साथ ही खाद्य सुरक्षा के नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य है कि सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता, मर्यादा और सामाजिक व्यवस्था बनी रहे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार गौपालन, प्राकृतिक खेती और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। इसके साथ ही धार्मिक और आध्यात्मिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए गीता भवन जैसे संस्थानों के माध्यम से भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। भारत की विशेषता उसकी सर्वधर्म सद्भाव की भावना है। दुनिया के अनेक देश एक धर्म की विचारधारा के आधार पर संचालित होते हैं, जबकि भारत ऐसा देश है जो सभी धर्मों, विचारों और परंपराओं का सम्मान करता है। विभिन्न विचारधाराओं से निकलने वाले अमृतमय विचारों को आत्मसात करना ही भारतीय संस्कृति की विशेषता है।

मुख्यमंत्री ने श्रीमद् विजय नित्यसेनसूरीश्वरजी

महाराज के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि उनका आशीर्वाद प्रदेश सरकार को निरंतर मिलता रहे, ताकि सरकार जनकल्याण और समाजहित के कार्यों को और अधिक गति से आगे बढ़ा सके। उन्होंने इंदौर श्रीसंघ का भी अभिनंदन किया तथा परम पूज्य गुरुवर के चरणों में पुनः वंदन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button