खबरमध्य प्रदेश

भोपाल में एक्टिज़न क्लब का स्वतंत्र पुरस्कार समारोह आयोजित, 16 विद्यालयों को किया गया सम्मानित

भोपाल। देश अपनाएं सहयोग फाउंडेशन द्वारा 14 नवंबर 2026 को राजा भोज विद्यालय, 1100 क्वार्टर, भोपाल में एक्टिज़न क्लब का स्वतंत्र पुरस्कार समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भोपाल जिले के कार्यरत 131 शासकीय माध्यमिक विद्यालय एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में से 16 विद्यालयों के प्राचार्य एवं शिक्षकों को सम्मानित किया गया। शैक्षणिक सत्र 2025-26 के दौरान एक्टिज़न क्लब के अंतर्गत किए गए कार्यों और गतिविधियों के आधार पर कुल 16 विद्यालयों को तीन श्रेणियों में सम्मानित किया गया। इनमें नामांकित विद्यालय, विकासखण्ड स्तरीय पुरस्कार प्राप्त विद्यालय और जिला स्तरीय पुरस्कार प्राप्त विद्यालय शामिल रहे। जिला स्तर पर उत्कृष्ट कार्य के लिए शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नरेला शंकरी; शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, चांदबड़; शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रुनाहा को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

देश अपनाएं सहयोग फाउंडेशन एक गैर-लाभकारी तथा गैर-राजनीतिक संगठन है जिसकी स्थापना श्री वल्लभ भंसाली द्वारा की गई थी। फाउंडेशन द्वारा नियमित शोध के माध्यम से ऐसी गतिविधियां व सामग्री तैयार की जाती हैं, जो देश में लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने के साथ नागरिकों के समग्र विकास में सहायक हों। एक्टिज़न क्लब कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को सतर्क, जिम्मेदार और सक्रिय बनाना है।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों एवं प्राचार्यों ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि एक्टिज़न क्लब की गतिविधियों के संचालन के बाद विद्यार्थियों के व्यवहार, सोच, जागरूकता और सहभागिता में किस प्रकार के बदलाव देखने को मिले हैं। इस दौरान भोपाल जिले के विद्यालयों में हुए सकारात्मक बदलावों की कहानियों पर भी चर्चा की गई। शिक्षकों और प्राचार्यों के अनुभवों ने कार्यक्रम को विशेष महत्व प्रदान किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालयों में नागरिकता शिक्षा को बढ़ावा देना, विद्यार्थियों में जागरूकता, जिम्मेदारी और सक्रिय नागरिकता की भावना विकसित करना तथा शिक्षकों एवं प्राचार्यों के प्रयासों को पहचान और प्रोत्साहन देना है।

कार्यक्रम में देश अपनाएं सहयोग फाउंडेशन की मध्य प्रदेश स्टेट हेड वैष्णवी देशमुख एवं भोपाल जिला प्रभारी प्रणाली चौधरी उपस्थित रहीं। संस्था द्वारा कार्यक्रम की अनुमति एवं सराहनीय सहयोग प्रदान करने के लिए जिला शिक्षा कार्यालय, भोपाल के प्रति आभार व्यक्त किया गया। साथ ही, विद्यार्थियों को एक जागरूक, जिम्मेदार और सक्रिय नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए विद्यालय प्राचार्यों एवं शिक्षकों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button