अध्यात्मखबरमध्य प्रदेश

ब्रह्माकुमारीज़ मूल्य उपवन अचारपुरा में परिवार दिवस सम्पन्न

पारिवारिक मूल्यों के पुनर्जागरण विषय पर व्याख्यान स्वस्थ जीवन शैली पर परिचर्चा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां पारिवारिक मूल्यों के निर्वहन की कसौटी- परस्पर संतुष्टता- बी.के. किरण

आत्मा में अंतर्निहित गुणों- जैसे प्रेम, सद्भाव आदि को बढ़ाने की इकाई है परिवार, क्योंकि परिवार ही सहकार और सहयोग की एक नैसर्गिक व्यवस्था है। अपनापन पारिवारिक मूल्यों का जागृत करता है। विचारणीय बात यह है कि खुन केरिश्तों के आधार पर परिभाषित होने वाले परिवार में जिस तरह का अपनापन होता है, क्या वही अपनापन विश्व के सभी मनुष्यों के प्रति हो सकता है ? और क्या ऐसा बेहद का अपनापन हमारे सुखद और समरसतापूर्ण अस्तित्व के लिये आवश्यक है ? जब हम यह कहते हैं कि हम सब एक परमपिता परमात्मा की संतान हैं तो इसका अर्थ तो यही निकलता है कि पूरा विश्व ही हमारा परिवार है। जिस तरह हम अपने परिजनों की आवश्यकताओं का ध्यान रखते हैं, ठीक उसी तरह हम अन्य लोगों की आवश्यकताओं के प्रति यदि संवेदनशील हों तो हम अनावश्यक संचय के स्थान पर वंचित मनुष्यों को सहयोग करने की भावना रखेंगे। इस तरह सब मिलकर स्वयं भी संतुष्ट रहेंगे और औरों को भी संतुष्ट रख सकेंगे। वास्तव में यह परस्पर संतुष्टता ही किसी समाज में पारिवारिक मूल्यों के निर्वहन की सच्ची कसौटी है। उक्त विचार दीपावली पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित परिवार दिवस के उपलक्ष्य में ब्रह्माकुमारीज़ मूल्य उपवन अचारपुरा की निदेशक बी.के. किरण ने व्यक्त किये।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में स्वस्थ जीवन शैली विषय पर परिचर्चा का आयोजन किया गया। स्टेट बैंक आफ इंडिया के मेडिकल आफीसर डाक्टर अविनाश परस्ते ने कहा कि यदि हम अपनी जीवन शैली में आवश्यक सुधार करने की हिम्मत जुटा लें तो हम स्वयं ही अपने अच्छे स्वास्थ्य के मालिक बन सकते हैं।

पर्याप्त नींद, व्यायाम, सुपाच्य व संतुलित आहार ही हमारी जीवन रेखा है। हमारे शरीर की सर्वाधिक ऊर्जा भोजन को पचाने में खर्च होती है। अगर इसी ऊर्जा की बचत कर ली जाए तो उसे हम अन्य रचनात्मक कार्यों में प्रयोग कर सकते हैं। आपने कहा कि जंक फूड, प्रोसेस्ड फूड, रिफाइंड ऑयल आदि से परहेज करना चाहिए। जितना हो सके सात्विक और शाकाहारी भोजन लेना चाहिए। प्रतिदिन कुछ न कुछ शारीरिक गतिविधि अवश्य करना चाहिए। हमारे शरीर में शरीर के लिए आवश्यक पोषक तत्त्वों का निर्माण करने की क्षमता है, लेकिन गलत जीवन शैली के कारण यह प्राकृतिक व्यवस्था सुषुप्त हो गई है। हमें किसी भी बीमारी का प्रकट गंभीर रूप एकाएक दिखाई देता है, लेकिन वह लंबे समय का परिणाम होता है। जितना शरीर अनावश्यक अवशेषों से बचा रहेगा, उतना ही स्वस्थ रहेगा। ओवर थिंकिंग और तनाव से हार्ट अटैक का खतरा बढ़ता है। अतः मन को शांत रखने के लिए यदि मेडिटेशन का अभ्यास किया जाए तो हृदय सम्बन्धी रोगों की रोकथाम संभव है। शोधों में पाया गया है कि विचार हमारी जेनेटिक संरचना को भी प्रभावित करते हैं। अनुवांशिक बीमारियां भी वैचारिक ऊर्जा से दूर की जा सकती हैं।
किसान कांग्रेस, भोपाल के जिला अध्यक्ष राम भाई मैहर द्वारा युवाओं में बढ़ रही हार्ट अटैक की समस्या का कारण पूछा गया और यह भी पूछा गया कि क्या कोरोना की वैक्सीन भी इसका कारण है। जवाब में डॉक्टर परस्ते ने कहा कि हार्ट अटैक बढ़ने का मूल कारण तो बिगड़ी हुई जीवन शैली है। कोरोना वैक्सीन के बारे में हुए शोध अभी तक किसी एक सर्व सम्मत निश्चित निष्कर्ष पर नहीं पहुंच पाए हैं।
इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ साइल साईंस के निवर्तमान प्रिंसिपल साइंटिस्ट डॉक्टर अजय जी ने कहा कि उर्वरकों और कीट नाशकों ने न केवल मिट्टी की उर्वरा शक्ति को क्षीण कर दिया है, बल्कि फसलों की गुणवत्ता को भी कम कर दिया है। इसलिए अब जागने की जरूरत है, अन्यथा जीवन को रोगों से बचाना बहुत ही मुश्किल होने वाला है।
किसान कांग्रेस भोपाल के जिला अध्यक्ष राम भाई मैहर, लांबाखेड़ा के पूर्व सरपंच व वर्तमान में ओ बी सी विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष और मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी भोपाल के प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी शुभम गौर ने बतौर विशिष्ट अतिथि अपनी अपनी शुभ कामनाएं प्रकट कीं।
बाल कलाकारों कुमारी तरुणिका, दिया, वेदिका, श्रव्या, रिदिमा और हिरल ने नृत्य प्रस्तुत किया।

लगभग 100 लोगों ने कार्यक्रम का लाभ लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button