अध्यात्मखबरमध्य प्रदेश

उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ सरस्वती मंदिर छठ घाट पर संपन्न हुआ लोक आस्था का महापर्व छठ

नवप्रभात की प्रथम किरणों के साथ गूंजा श्रद्धा, तपस्या और कृतज्ञता का अद्भुत उत्सव; 25 से 30 हजार श्रद्धालुओं ने अर्पित किया अर्घ्य

भोपाल, 16 नवम्बर। बिहार सांस्कृतिक परिषद द्वारा सरस्वती देवी मंदिर छठ घाट, बरखेड़ा परिसर में आयोजित चार दिवसीय लोक आस्था का महापर्व छठ आज सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और पारंपरिक उल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ। भोर की सुनहरी बेला में लगभग 25 से 30 हजार व्रती महिलाओं एवं पुरुषों ने जल में खड़े होकर भगवान सूर्य एवं छठी मैया की आराधना की तथा परिवार, समाज, राष्ट्र और समस्त मानवता के कल्याण की मंगलकामना की।

इस अवसर पर छठ पूजा के संयोजक सतेन्द्र कुमार ने कहा कि छठ महापर्व का सबसे पवित्र और भावनात्मक क्षण उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करना है। अस्ताचलगामी सूर्य को प्रथम अर्घ्य देने के पश्चात दूसरे दिन उगते सूर्य की उपासना जीवन के शाश्वत सत्य का संदेश देती है कि प्रत्येक अंधकार के बाद प्रकाश अवश्य आता है। उदीयमान सूर्य आशा, नई ऊर्जा, नवसृजन, आत्मविश्वास और सकारात्मक परिवर्तन का प्रतीक है। छठ व्रती 36 घंटे के निर्जला उपवास, कठिन तपस्या और अनुशासन के उपरांत जब सूर्य की प्रथम किरणों का स्वागत करते हैं, तो यह केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि आत्मसमर्पण, धैर्य, कृतज्ञता और प्रकृति के प्रति सम्मान की अनुपम अभिव्यक्ति बन जाता है।

मान्यता है कि उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने से सकारात्मक ऊर्जा, मानसिक शांति, उत्तम स्वास्थ्य तथा जीवन में सुख-समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त होता है। यही कारण है कि लाखों श्रद्धालु सूर्योदय के उस दिव्य क्षण की प्रतीक्षा करते हैं, जब जल में खड़े होकर वे सूर्य की पहली किरणों के साथ अपनी आस्था समर्पित करते हैं। यह दृश्य भारतीय लोक संस्कृति की आध्यात्मिक ऊंचाई, पारिवारिक मूल्यों और प्रकृति के प्रति गहन श्रद्धा का जीवंत प्रतीक बन जाता है।

प्रातःकाल पारंपरिक लोकगीतों, छठी मैया के भजनों और ‘उग हे सूरज देव’ की मधुर स्वर लहरियों के बीच श्रद्धालुओं ने बांस के सूप में सजाए गए ठेकुआ, नारियल, गन्ना, मौसमी फल एवं अन्य प्रसाद के साथ भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। उगते सूर्य की लालिमा और भक्तों की अटूट श्रद्धा ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा एवं भावनात्मक उल्लास से भर दिया।

सतेन्द्र कुमार ने आगे कहा कि छठ केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति, सूर्य, जल और जीवनदायी शक्तियों के प्रति कृतज्ञता का महोत्सव है। यह पर्व संयम, शुचिता, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण और पारिवारिक एकता के मूल्यों को सुदृढ़ करता है तथा मानव को प्रकृति के साथ सामंजस्यपूर्ण जीवन जीने की प्रेरणा देता है।

उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के अवसर पर मुख्य अतिथि प्रदीप कुमार उपाध्याय, कार्यपालक निदेशक, भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड, भोपाल सहित प्रशासनिक अधिकारी मनोज पुष्प, मनोज वर्मा एवं महाप्रबंधक (वित्त) जनमेजय शर्मा विहिप प्रान्त संगठन मंत्री सुरेंद्र सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।

भोजपुरी साहित्य अकादमी, मध्यप्रदेश शासन के सहयोग से आयोजित सांस्कृतिक संध्या में पटना की सुप्रसिद्ध लोकगायिका सुश्री रीना कुमारी एवं उनके सांस्कृतिक दल ने पारंपरिक छठ गीतों, भक्तिमय भजनों तथा लोक संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भक्ति और भावनाओं के सागर में सराबोर कर दिया। ‘केलवा जे फरेला घवद से’ और ‘उग हे सूरज देव’ जैसे लोकप्रसिद्ध छठ गीतों की मधुर स्वर लहरियों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में बिहार सांस्कृतिक परिषद के संरक्षक, पदाधिकारीगण, समाजसेवियों एवं कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा। इनमें राजेश कुमार सिंह, कामेश्वर सिंह, रामरतन प्रसाद सिंह, संजय शाह, सूर्या कुमार सिंह, सुरुचि कुमार, अनंत साहू, कमलेश सिंह, कृष्णा कुमार राम, अक्षय कुमार राम, संजीव कुमार, विकास चौधरी, आयुष चौधरी, राजकुमार प्रसाद, राकेश सिंह, नरेंद्र सिंह, मनोज कुमार पाठक, राम स्नेही, प्रांजल कुमार, दिनेश सिंह, संदीप कुमार, एस.के. चौधरी, सौरभ प्रभात कुमार एवं पृथ्वीराज सिन्हा सहित अनेक कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

अंत में सभी श्रद्धालुओं के सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य एवं समृद्धि की मंगलकामना के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन हुआ।

जय छठी मैया! जय सूर्य नारायण!

सादर,
सतेन्द्र कुमार
संयोजक
बिहार सांस्कृतिक परिषद, भोपाल
मोबाइल: 8103513013

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button