मध्यप्रदेश पुलिस की विशेष रात्रिकालीन कॉम्बिंग गश्त, अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध व्यापक कार्रवाई
मध्यप्रदेश में अपराधियों, फरार वारंटियों और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा आमजन में सुरक्षा का भाव मजबूत करने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेश में व्यापक स्तर पर समय-समय पर ‘कॉम्बिंग गश्त’ अभियान लगातार जारी है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में देर रात से शुरू होकर सुबह तक चली इस विशेष कार्रवाई में प्रदेश के पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मुस्तैदी से मैदान में उतरे। इस अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने इस विशेष अभियान के दौरान विभिन्न जिलों में 671 से अधिक वारंटियों को गिरफ्तार किया गया तथा 457 से अधिक वारंट तामील किए गए। इसके साथ ही सूचीबद्ध बदमाशों, गुंडों, हिस्ट्रीशीटरों और जिला बदर अपराधियों की धरपकड़ व चेकिंग की गई। अभियान के दौरान आबकारी एक्ट, जुआ-सट्टा, अवैध हथियार और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ भी कार्रवाही की गई।
प्रमुख कार्रवाई:
इंदौर पुलिस
पुलिस कमिश्नरेट द्वारा संचालित कॉम्बिंग गश्त के दौरान 1,419 बदमाशों की जांच की गई तथा 722 के विरुद्ध कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान 294 से अधिक वारंट तामील किए गए। इसके अतिरिक्त शराब पीकर वाहन चलाने वाले 289 चालकों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई।
मुरैना
पुलिस द्वारा अभियान के दौरान विभिन्न आपराधिक मामलों में वांछित करीब 221 स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंटियों, इनामी तथा अन्य वांछित आरोपियों की धरपकड़ की। इसके साथ ही 73 हिस्ट्रीशीटर एवं गुंडा-बदमाशों तथा 38 जिला बदर आरोपियों की चेकिंग की गई।
ग्वालियर
पुलिस ने 214 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 106 स्थायी एवं 108 गिरफ्तारी वारंटी शामिल हैं। इसके साथ ही 34 जमानती वारंटों की तामीली भी की गई।
छिंदवाड़ा
पुलिस ने विशेष रात्रिकालीन कॉम्बिंग गश्त के दौरान एक ही रात में 130 वारंटियों को गिरफ्तार किया, जिनमें 36 स्थायी एवं 94 गिरफ्तारी वारंटी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 89 गुंडा-बदमाशों, 75 निगरानी बदमाशों, एक जिला बदर अपराधी एवं 37 कबाड़ियों की चेकिंग की गई। कार्रवाई के दौरान 150 लीटर अवैध शराब जब्त कर 18 आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। साथ ही 15 गुमशुदा व्यक्तियों को खोजकर दस्तयाब किया गया। गांजा एवं चोरी के मामलों में भी पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली।
खरगोन
पुलिस ने 16 स्थायी एवं 63 गिरफ्तारी वारंटियों को गिरफ्तार किया। पुलिस टीमों ने 101 सूचीबद्ध गुंडों एवं 59 निगरानी बदमाशों के घरों पर औचक दबिश देकर उनकी गतिविधियों की जांच की।
भोपाल देहात
पुलिस ने जिले में 38 स्थायी वारंट एवं 47 जमानती वारंट तामील किए तथा 85 वाहनों की जांच की। थाना ईंटखेड़ी क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान 42 बोतल अवैध शराब, जिसकी कीमत 54 हजार 823 रुपये है, जब्त की।
दमोह
पुलिस द्वारा जिलेभर में विशेष कॉम्बिंग गश्त के दौरान 27 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया तथा 44 गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए। इसके अतिरिक्त 42 गुंडा-बदमाशों एवं 20 निगरानी बदमाशों की चेकिंग की गई। अवैध शराब के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत 26 प्रकरण, जुआ एक्ट के तहत 5 एवं सट्टा एक्ट के तहत एक प्रकरण दर्ज किया गया। शांति भंग की आशंका के मद्देनजर 55 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई।
प्रदेशभर में संचालित इस विशेष अभियान का उद्देश्य अपराधियों में कानून का भय उत्पन्न करना, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करना तथा आमजन में सुरक्षा एवं विश्वास का वातावरण मजबूत करना है। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा आगे भी इसी प्रकार प्रभावी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
