खबर

ओडिशा की ओर बढ़ा ‘अकवान’, 1.20 लाख लोग निकाले गए; 39 ट्रेनें रद्द, 28 के समय बदले; कहां लैंडफॉल?

आंध्र प्रदेश के लिए मौसम विभाग की क्या चेतावनी?

आंध्र प्रदेश के लिए, आईएमडी ने श्रीकाकुलम और विजयनगरम जिलों के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है। पार्वतीपुरम मान्यम, अल्लूरी सीतारामाराजू और अनाकापल्ली जिलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ है। काकीनाडा के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। ‘रेड अलर्ट’ का अर्थ 24 घंटों में 20.44 सेंटीमीटर से अधिक अत्यधिक भारी वर्षा है। ‘ऑरेंज अलर्ट’ 11.56 सेंटीमीटर से 20.44 सेंटीमीटर तक बहुत भारी वर्षा को दर्शाता है। आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एपीएसडीएमए) ने उत्तरी आंध्र के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ ओडिशा की ओर, 1.20 लाख लोग निकाले गए

गंभीर चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ शुक्रवार दोपहर को पुरी और गोपालपुर के बीच ओडिशा तट से टकरा सकता है। इसके मद्देनजर राज्य में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। अधिकारियों ने बताया कि 1.20 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। संवेदनशील क्षेत्रों में 300 से अधिक बचाव दल तैनात किए गए हैं। ओडिशा सरकार ने संभावित प्रभावित जिलों में 9,299 चक्रवात आश्रय स्थल स्थापित किए हैं। पिछले 24 घंटों में तूफान ने अपनी दिशा बदली है। पहले इसके आंध्र प्रदेश में टकराने का अनुमान था। गुरुवार को ईस्ट कोस्ट रेलवे ने 41 ट्रेनें रद कीं और 29 को पुनर्निर्धारित किया। साउथ ईस्टर्न रेलवे ने भी 28 एक्सप्रेस ट्रेनें रद की हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने बताया कि ‘अकवान’ 13 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ओडिशा की ओर बढ़ रहा है। गुरुवार शाम को यह गोपालपुर से करीब 410 किलोमीटर और पुरी से 470 किलोमीटर दूर था। ईरान ने उत्तरी हिंद महासागर में चक्रवातों के नामकरण प्रणाली के तहत ‘अकवान’ नाम सुझाया है।

बचाव और तैयारी
आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा ने बताया कि ‘अकवान’ 90-100 किलोमीटर प्रति घंटे की हवा की गति के साथ तट पार करेगा। चक्रवात का केंद्र ओडिशा के गोपालपुर के पास तट से गुजरेगा। दक्षिणी आंध्र प्रदेश में 90-100 किलोमीटर प्रति घंटे और ओडिशा में 70-80 किलोमीटर प्रति घंटे की हवाएं चलेंगी। मुख्य सचिव अनु गर्ग ने बताया कि राज्य ने 1.20 लाख लोगों को सुरक्षित निकाला है। गंजाम में 45,364 और गजपति में 18,000 लोगों को हटाया गया है। ओडिशा आपदा त्वरित कार्रवाई बल (ओडीआरएएफ) की 60, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की 14 और अग्निशमन व आपातकालीन सेवाओं की 131 टीमें तैनात की गई हैं। सरकार ने भारतीय तटरक्षक बल से हेलीकॉप्टर और जहाजों को तैयार रखने का अनुरोध किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button