देशविदेश

डेटिंग ऐप से तंग महिला ने निकाली 3 पेज की ‘हसबैंड वैकेंसी’; शादी के लिए पूछे मजेदार सवाल, 2400 पुरुषों ने भेजा आवेदन

नौकरी पाने के लिए तो आपने कई बार आवेदन फॉर्म भरे होंगे, लेकिन क्या कभी पति बनने के लिए आवेदन करने के बारे में सुना है? अमेरिका की एक 36 वर्षीय महिला ने शादी के लिए ऐसा अनोखा तरीका निकाला कि इंटरनेट पर उसकी चर्चा होने लगी। डेटिंग ऐप्स पर समय बर्बाद करने से परेशान महिला ने भावी पति की तलाश के लिए तीन पन्नों का गूगल फॉर्म तैयार कर दिया। इसमें करियर, आदतों से लेकर शादी और पिता बनने तक के सवाल पूछे गए हैं। दिलचस्प बात यह है कि इस वैवाहिक वैकेंसी के लिए अब तक 2,400 से ज्यादा पुरुष आवेदन कर चुके हैं।

 

अमेरिका के नॉर्थ कैरोलिना की रहने वाली 36 वर्षीय एरॉन पैटरसन ने जीवनसाथी चुनने के लिए ऐसा तरीका अपनाया है । उनका मानना है कि केवल कुछ संदेशों और सतही बातचीत के आधार पर जीवनसाथी चुनना सही नहीं है। इस आवेदन फॉर्म में पुरुषों से केवल नाम और सामान्य जानकारी नहीं मांगी गई है। इसमें उनके करियर के लक्ष्य, रोजमर्रा की दिनचर्या, व्यक्तिगत आदतों और भविष्य की योजनाओं से जुड़े सवाल भी शामिल हैं। सबसे दिलचस्प बात यह है कि आवेदन करने वाले पुरुषों को शादी और पिता बनने को लेकर अपनी सोच भी बतानी होगी। यानी महिला यह जानना चाहती हैं कि सामने वाला व्यक्ति सिर्फ डेटिंग में दिलचस्पी रखता है या वास्तव में शादी और परिवार की जिम्मेदारी उठाने के लिए तैयार है।

 

2400 से ज्यादा पुरुषों ने किया आवेदन
एरॉन का यह अनोखा प्रयोग देखते ही देखते वायरल हो गया। अब तक 2,400 से अधिक पुरुष इस फॉर्म को भर चुके हैं। इतनी बड़ी संख्या में आवेदन आने के बाद एरॉन ने सभी जवाबों की जांच के लिए एक विस्तृत स्प्रेडशीट भी तैयार की है। वह आवेदकों के जवाबों के आधार पर योग्य पुरुषों की सूची बना रही हैं। चयनित उम्मीदवारों को पहले फोन पर बातचीत का मौका मिलेगा। इसके बाद पसंद आने पर उनके साथ आमने-सामने कॉफी डेट की जाएगी।

 

दयालुता और समझदारी से नहीं होगा समझौता
एरॉन ने अपने भावी जीवनसाथी को लेकर कुछ प्राथमिकताएं भी स्पष्ट कर दी हैं। उनके मुताबिक, पुरुष में दयालुता और समझदारी होना सबसे जरूरी है। इन दोनों खूबियों से वह किसी भी कीमत पर समझौता नहीं करना चाहतीं। एरॉन के इस प्रयोग पर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। कई महिलाओं ने उनकी पहल की तारीफ करते हुए इसे जीवनसाथी चुनने का समझदारी भरा तरीका बताया है।वहीं, कुछ पुरुषों का कहना है कि डेटिंग ऐप्स पर लंबे समय तक बेकार बातचीत करने से बेहतर है कि शुरुआत में ही दोनों की पसंद, सोच और भविष्य की योजनाएं स्पष्ट हो जाएं। अब देखना दिलचस्प होगा कि 2,400 से ज्यादा आवेदनों में से एरॉन का मिस्टर परफेक्ट कौन बनता है!

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button