24 दिन में तीसरा चक्रवात झेल गया ओडिशा: कोई बड़ा नुकसान नहीं; पहाड़ों पर बर्फबारी से मैदानों में बढ़ी ठंड

चक्रवात ‘अकवान’ शुक्रवार को ओडिशा के गोपालपुर के पास तट से टकराया। पिछले 24 दिनों के भीतर ओडिशा तट पर आने वाला यह तीसरा समुद्री तूफान है। हालांकि, प्रशासन की मुकम्मल तैयारी और पर्याप्त व्यवस्था की वजह से इस बार भी जान-माल का कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है। किसी के हताहत होने की भी कोई खबर नहीं है।
खराब मौसम का असर रेल और हवाई यातायात पर भी पड़ा है। एहतियात के तौर पर पूर्वी तट रेलवे ने बृहस्पतिवार को 41 ट्रेनें रद्द कर दीं और 29 अन्य ट्रेनों के समय में बदलाव किया। वहीं, दक्षिण पूर्व रेलवे ने भी कम से कम 28 एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द की हैं। इनमें से ज्यादातर ट्रेनें शुक्रवार को पुरी जाने वाली या वहां से होकर गुजरने वाली हैं। इसके अलावा कोलकाता-भुवनेश्वर रूट की छह उड़ानें भी रद्द कर दी गई हैं। उधर, पुरी स्थित जगन्नाथ मंदिर श्रद्धालुओं के लिए खुला रहा, लेकिन मंदिर प्रशासन ने भक्तों से मौसम संबंधी परामर्श को ध्यान में रखकर ही दर्शन की योजना बनाने का आग्रह किया है। वहीं, गुंडिचा मंदिर 21 नवंबर तक श्रद्धालुओं के लिए बंद रहेगा।
बर्फबारी से बढ़ी मैदानी इलाकों में ठिठुरन
पहाड़ी राज्यों उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में लगातार बर्फबारी हो रही है। इसका सीधा असर अब मैदानी इलाकों में दिखने लगा है और वहां ठंड काफी बढ़ गई है। राजस्थान के सीकर जिले के फतेहपुर में शुक्रवार सुबह राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, नागौर और माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री सेल्सियस रहा। मध्य प्रदेश के शाजापुर में भी तापमान गिरकर 7.1 डिग्री तक पहुंच गया, जो राज्य में सबसे कम रहा। ठंड बढ़ने के साथ ही दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के अलावा उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भी सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा।




