भारत ने 306 रनों से जीता मैच, नेपाल 26 के स्कोर पर ऑलआउट; प्रिंस-हर्षित ने बरपाया कहर

IND A vs NEP Highlights: भारत ने 306 रनों से जीता मैच
तिलक वर्मा और कुमार कुशाग्र की तूफानी शतकीय पारियों के बाद हर्षित राणा और प्रिंस यादव की घातक गेंदबाजी के दम पर भारत ने एशिया कप राइजिंग स्टार्स के मुकाबले में नेपाल को 306 रनों के विशाल अंतर से करारी शिकस्त दी। शुक्रवार को दोहा में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 332 रन बनाए। इसके जवाब में नेपाल की पूरी टीम महज 11.3 ओवर में 26 रन पर सिमट गई। भारत की ओर से प्रिंस यादव ने पांच विकेट झटके, जबकि हर्षित राणा ने चार बल्लेबाजों को पवेलियन भेजकर टीम की ऐतिहासिक जीत में अहम भूमिका निभाई।
IND A vs NEP Live Score: पांचवां विकेट गिरा
नेपाल को पांचवां झटका हर्षित राणा ने ही दिया। उन्होंने राशिद खान को बोल्ड किया। वह छह रन बना सके। अब पवन का साथ देने लोकेश बम आए हैं।
IND A vs NEP Live Score: नेपाल को शुरुआती झटके
अभी सिर्फ दो ओवर का खेल हो पाया है और नेपाल ने महज एक रन के स्कोर पर चार विकेट गंवा दिए हैं। हर्षित राणा और प्रिंस यादव ने दो-दो विकेट अपने नाम कर लिए हैं। अर्जुन कुमल, कुशल भुर्तेल, दीपक डुमरे और बासिर अहमद आउट हो गए। अब पवन सर्राफ और राशिद खान क्रीज पर मौजूद हैं।
IND A vs NEP Live Score: भारत ने नेपाल को 333 रनों का लक्ष्य दिया
तिलक वर्मा (107) और कुमार कुशाग्र (117) की शतकीय पारियों की मदद से भारत ए ने नेपाल के सामने 333 रनों का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 50 ओवर में नौ विकेट पर 332 रन बनाए। नेपाल के लिए ललित और संदीप ने तीन-तीन विकेट लिए।
IND A vs NEP Live Score: तिलक-रिंकू आउट हुए
तिलक वर्मा 107 और रिंकू सिंह नौ रन बनाकर आउट हो गए। अब सूर्यांश शेडगे और शाहबाज अहमद क्रीज पर मौजूद हैं। 47 ओवर के बाद स्कोर छह विकेट पर 294 रन है।
IND A vs NEP Live Score: तिलक वर्मा का शतक
तिलक वर्मा ने 108 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। वह शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। रिंकू सिंह फिलहाल उनका साथ दे रहे हैं।




