खबर

जहरीली शराब पीने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 16 हुई, 600 लोग अस्पताल में भर्ती

मणिपुर में जहरीली शराब पीने से तीन और लोगों की मौत होने के बाद मरने वालों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जहरीली शराब की आपूर्ति में संलिप्तता के आरोप में छह लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) थेमथिंग नगाहसांगवा ने बताया कि 18 नवंबर से अब तक मणिपुर के चंदेल जिले में कथित तौर पर जहरीली शराब पीने के बाद करीब 600 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ”चंदेल जिले में इस घटना में मरने वालों की कुल संख्या 16 हो गई है। इसके अलावा करीब 600 लोग विभिन्न सरकारी और निजी अस्पतालों में उपचाराधीन हैं।”

नगाहसांगवा ने बताया कि प्रभावित लोग चंदेल जिले के चकपीकरोंग उपमंडल और आसपास के इलाकों के रहने वाले हैं। आईजीपी ने कहा, ”हमने इस मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया है। हम शराब के स्रोत का पता लगाने की भी कोशिश कर रहे हैं।” उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन, पुलिस, आबकारी और स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न टीमों ने चंदेल जिले के सुगनू और चकपीकरोंग का दौरा किया। उन्होंने उन अस्पतालों का भी दौरा किया, जहां प्रभावित लोगों का इलाज जारी है, ताकि स्थिति का आकलन करने के साथ ही राहत एवं बचाव कार्यों में समन्वय किया जा सके।

पुलिस के एक बयान के अनुसार, मणिपुर सरकार ने घटना की जांच के लिए एक उच्चस्तरीय जांच समिति भी गठित की है। समिति लोगों की मौत और उनके बीमार पड़ने की घटनाओं के पीछे की परिस्थितियों और घटनाक्रम की जांच करेगी। इसके अलावा संदिग्ध शराब के स्रोत और प्रकृति का पता लगाएगी। समिति चिकित्सा संबंधी परिस्थितियों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्रशासनिक स्तर पर हुई किसी भी चूक की भी जांच करेगी। बयान में कहा गया है, ”समिति एक महीने के भीतर सरकार को अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।”

इसमें कहा गया है कि मणिपुर पुलिस और आबकारी विभाग की टीमों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। उन्हें अवैध शराब के खिलाफ जांच अभियान चलाने, उसे जब्त करने और बिक्री केंद्रों तथा उत्पादन इकाइयों से नमूने लेकर प्रयोगशाला में जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं। राज्य के मुख्यमंत्री खेमचंद सिंह ने शुक्रवार दोपहर शिजा अस्पताल और बबीना अस्पताल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और वहां उपचार करा रहे मरीजों से मुलाकात की। सिंह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ”चंदेल जिले के चकपीकारोंग इलाके में जहरीली शराब पीने के बाद अस्पताल में भर्ती लोगों का हालचाल जानने के लिए आज (शुक्रवार को) लामफेलपाट स्थित शिजा अस्पताल और साजीवा स्थित बबीना अस्पताल का दौरा किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button