मां समेत 2 मासूम बच्चों की संदिग्ध मौत, पुलिस ने बताई ये वजह

छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में देवउठनी एकादशी के अवसर पर एक महिला और उसके दो मासूम बच्चों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से इलाके में शोक का माहौल है। प्रारंभिक तौर पर जहरीले पदार्थ के सेवन से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, घटना गिरौदपुरी चौकी क्षेत्र के ग्राम सुकली की है, जहां एक महिला और उसके दो बच्चों के शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिले। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। तीनों शवों को परीक्षण के लिए कसडोल स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया है। प्रारंभिक जानकारी में आशंका जताई जा रही है कि महिला ने पहले अपने दोनों बच्चों को जहरीला पदार्थ पिलाया और इसके बाद स्वयं भी उसका सेवन कर लिया। हालांकि, पुलिस की जांच और चिकित्सकीय रिपोटर् आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। इस बीच, घटना के पीछे पारिवारिक विवाद की आशंका भी सामने आई है।
स्थानीय स्तर पर महिला के पति की दूसरी शादी को लेकर चर्चा और परिवार में विवाद होने की बात कही जा रही है। आशंका है कि इसी तनाव के चलते महिला ने यह कदम उठाया होगा। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस संबंध में किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की है। घटना के बाद मृतकों के परिजनों में शोक व्याप्त है। गांव में भी एक साथ तीन मौतों से मातम का माहौल है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। चिकित्सकीय परीक्षण की रिपोटर् और जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि तीनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई।




