दादाजी धाम में धूमधाम से मनी देव दीपावली, गुरुनानक देव का प्रकाश पर्व भी मनाया
भगवान विष्णु और लड्डू गोपाल का अभिषेक, महिलाओं ने किया पुष्प सहस्रार्चन; दीपदान और सामूहिक परिक्रमा में शामिल हुए श्रद्धालु

भोपाल। रायसेन रोड, पटेल नगर स्थित जागृत एवं दर्शनीय तीर्थस्थल दादाजी धाम मंदिर में मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा एवं देव दीपावली का पर्व श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर के गर्भगृह की परिक्रमा में स्थापित सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरुनानक देव जी का प्रकाश पर्व भी हर्षोल्लास से मनाया गया।
श्री श्री 1008 श्री दादाजी गुरुदेव चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष शिवरतन नामदेव एवं ट्रस्टियों धनंजय बोरकर, मंदिर व्यवस्था समिति के सदस्य गिरजेश श्रीवास्तव, स्वाति बोरकर, मयूर गुप्ता, श्वेता, शर्मा,श्रद्धा ने बताया कि शाम 4:30 बजे पंडित राजेन्द्र पलिया द्वारा उपस्थित सभी भक्तों को भगवान लड्डू गोपाल एवं श्रीहरि विष्णु का विधि-विधान से अभिषेक किया गया। इसके बाद महिलाओं ने पुष्पों से सहस्रार्चन कर सुख-समृद्धि और विश्व कल्याण की कामना की। श्रद्धालुओं ने दीपदान, आरती एवं मंदिर की सामूहिक परिक्रमा में सहभागिता की। आयोजन में महिलाएं, पुरुष और बच्चे बड़ी संख्या में शामिल हुए। अंत में भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया।
अध्यक्ष शिवरतन नामदेव एवं ट्रस्टियों ने बताया कि धार्मिक मान्यता के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा को देव दीपावली के रूप में मनाया जाता है। इस दिन दीपदान, भगवान विष्णु एवं भगवान शिव की आराधना, तीर्थ स्नान और दान-पुण्य का विशेष महत्व है। वहीं, गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व मानवता, समानता, प्रेम और सेवा का संदेश देता है। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर रहा।





