खबर

ईरान में खौफनाक ऑनर किलिंग: 19 वर्षीय गर्भवती बेटी को पीटा और जबरन खिलाया जहर, मरी नहीं तो तकिए से घोंटा गला

ईरान के सनंदाज शहर में 19 वर्षीय गर्भवती युवती हेलिया फत्ताही की हत्या के मामले में उसके माता-पिता को गिरफ्तार किया गया है। मानवाधिकार संगठनों ने इस घटना को तथाकथित ‘ऑनर किलिंग’ बताया है। आरोप है कि दो महीने की गर्भवती हेलिया को उसके माता-पिता ने पहले जबरन दवाइयां खिलाईं, बेरहमी से पीटा और बाद में तकिए से उसका दम घोंट दिया।  ‘ईरान इंटरनेशनल’ की रिपोर्ट के अनुसार, हेलिया एक युवक के साथ रिश्ते में थी और दो महीने की गर्भवती थी। पिछले सप्ताह जब उसने अपने परिवार को गर्भावस्था के बारे में बताया तो घर में विवाद हो गया। पुलिस ने हत्या के आरोप में उसके माता-पिता वोरिया फत्ताही और लैला वेइस को गिरफ्तार किया है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि पूछताछ के दौरान दोनों ने हत्या की बात स्वीकार की।

 

पहले जबरन खिलाईं करीब 30 गोलियां
‘हेंगाव ऑर्गनाइजेशन फॉर ह्यूमन राइट्स’ के अनुसार, माता-पिता 21 नवंबर को शुरुआत में हेलिया के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के लिए अदालत गए थे। घर लौटने के बाद उन्होंने कथित तौर पर उसे दौरे रोकने वाली करीब 30 गोलियां जबरन खिला दीं। संगठन का दावा है कि दवाइयां देने के बाद भी जब हेलिया जिंदा थी, तो माता-पिता ने तकिए से उसका मुंह और नाक दबाकर दम घोंट दिया। इस घटना को हेंगाव और मानवाधिकार संगठन हाना ने तथाकथित सम्मान के नाम पर की गई हत्या बताया है।

 

मानवाधिकार संगठनों ने उठाए सवाल
हेंगाव ने ईरान में महिलाओं और बच्चों को घरेलू हिंसा से बचाने के लिए प्रभावी कानूनों की कमी पर चिंता जताई है। संगठन का कहना है कि कानूनों में मौजूद खामियां और कथित ऑनर किलिंग के मामलों में हल्की सजा मिलने से महिलाओं की सुरक्षा कमजोर होती है। इससे ऐसी हिंसा करने वालों को बच निकलने का मौका मिल सकता है।

 

एक सप्ताह में 3 युवतियों की हत्या 
हेलिया की हत्या ने ईरान में महिलाओं के खिलाफ हिंसा के अन्य मामलों को भी चर्चा में ला दिया है। एक सप्ताह से कुछ अधिक समय में युवा महिलाओं की हत्या या संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के तीन मामले सामने आए हैं। 18 नवंबर को गिलान प्रांत में 23 वर्षीय सदाफ हघबिन की उसके जन्मदिन की पार्टी में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। रिपोर्टों के मुताबिक, हत्या का आरोप उसके पूर्व प्रेमी पर है। बताया गया कि सदाफ ने उससे शादी करने से इनकार कर दिया था।  इससे पहले केरमानशाह में 16 वर्षीय स्कूली छात्रा सोगंद सयादी की एक इमारत की पांचवीं मंजिल से गिरने के कारण मौत हो गई थी। शिक्षकों के एक राष्ट्रीय संगठन के अनुसार, छात्रा ने स्कूल कर्मचारियों को चेतावनी दी थी कि यदि उसे पिता के साथ घर भेजा गया तो उसकी जान को खतरा हो सकता है।

 

गायिका को 74 कोड़े मारने की सजा
ईरान में महिलाओं की स्वतंत्रता और अधिकारों को लेकर विवाद के बीच गायिका परस्तू अहमदी और उनकी टीम के सदस्यों को भी सजा दिए जाने का मामला सामने आया है। रिपोर्ट के अनुसार, दिसंबर 2024 में इंटरनेट पर साझा किए गए एक संगीत कार्यक्रम के मामले में अहमदी और उनकी टीम के सदस्यों को 74-74 कोड़े मारे गए।इस कार्यक्रम में अहमदी बिना दर्शकों के एक मंच पर गाने गाती नजर आई थीं। उनका यह कार्यक्रम इंटरनेट पर लाखों बार देखा गया था। इन घटनाओं ने ईरान में महिलाओं की सुरक्षा, व्यक्तिगत स्वतंत्रता और घरेलू हिंसा से जुड़े कानूनों पर बहस को फिर तेज कर दिया है।
50 शब्दों में सार

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button