अध्यात्मखबरमध्य प्रदेश

आचार्य श्री विद्यासागर महाराज पर जारी होगी स्मारक डाक टिकटों की विशेष श्रृंखला विशेष विवरणिका

27 नवंबर को विशिष्ट मुहर एवं मिनिएचर शीट भी होगी जारी

भोपाल। भारतीय संस्कृति, अध्यात्म, शिक्षा, साहित्य और समाज जीवन को अपनी विलक्षण साधना एवं विचारों से नई दिशा देने वाले संत शिरोमणि जैनाचार्य श्री विद्यासागर महाराज के योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर चिरस्थायी पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल होने जा रही है। भारत सरकार के डाक विभाग द्वारा आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के सम्मान में स्मारक डाक टिकट (Commemorative Postage Stamp) जारी करने की स्वीकृति प्रदान की गई है।
आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज का संपूर्ण जीवन भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना, अहिंसा, स्वदेशी, शिक्षा, साहित्य एवं आत्मनिर्भरता के आदर्शों को समर्पित रहा। भारतीय योग, अध्यात्म, भाषा, व्याकरण, न्याय, दर्शन और साहित्य के विविध आयामों को समृद्ध करने में उनका अतुलनीय योगदान रहा है। ‘इंडिया नहीं, भारत बोलो’ का संदेश देकर उन्होंने भारतीय अस्मिता एवं सांस्कृतिक गौरव को नई पहचान प्रदान की। आत्मनिर्भर भारत, स्वदेशी चिंतन और भारत को विश्व के आध्यात्मिक गुरु के रूप में प्रतिष्ठित करने की उनकी प्रेरणा आज भी करोड़ों लोगों के लिए मार्गदर्शक है।
आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के राष्ट्रीय योगदान को दृष्टिगत रखते हुए भारत सरकार के डाक विभाग के मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज पर स्मारक डाक टिकट जारी करने की स्वीकृति प्रदान की है।
इस विशेष अवसर पर केवल स्मारक डाक टिकट ही नहीं, बल्कि आचार्य श्री के जीवन, व्यक्तित्व एवं कृतित्व को व्यापक रूप से जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से *प्रथम दिवस आवरण (First Day Cover), हिंदी एवं अंग्रेजी भाषा में विशेष विवरणिका (Brochure), विशिष्ट मुहर (Special Seal) तथा मिनिएचर शीट (Miniature Sheet)* भी जारी की जाएगी।
इन सभी डाक टिकट सामग्रियों का गरिमामय लोकार्पण एवं विमोचन समारोह श्री समयसागर महाराज के ससंघ सान्निध्य में माननीय ज्योतिरादित्य सिंधिया केंद्रीय संचार मंत्री भारत सरकार द्वारा  27 नवंबर 2026 दिन शुक्रवार दोपहर 2 बजे को विमोचन किया जाना है, मुख्य अतिथि  ज्योतिरादित्य सिंधिया केंद्रीय संचार मंत्री भारत सरकार होंगे एवं विशिष्ट अतिथि मध्य प्रदेश सरकार के मंत्रीगण, विधायकगण रहेंगे, आयोजन कार्यालय मुख्य पोस्टमास्टर जनरल मध्य प्रदेश, विद्योदयवर्धनी राजधानी भोपाल चातुर्मास समिति-2026 एवं श्री दिगम्बर जैन पंचायत कमेटी ट्रस्ट, भोपाल, मध्यप्रदेश के संयुक्त तत्वावधान में प्रस्तावित है। चातुर्मास समिति अध्यक्ष पंकज सुपारी मुख्य संयोजक मनोज बांगा ने बताया समारोह में देशभर से जैन समाज के प्रतिनिधियों, संतों, विद्वानों, सामाजिक संगठनों, डाक टिकट संग्रहकर्ताओं एवं गुरु भक्तों के सम्मिलित होने की सूचना प्राप्त हुई है।
इस ऐतिहासिक पहल के माध्यम से आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज का त्याग, तपस्या, राष्ट्रप्रेम, स्वदेशी चिंतन, शिक्षा एवं मानव कल्याण का संदेश डाक टिकटों के माध्यम से देश-विदेश के घरों तक पहुंचेगा। यह केवल एक डाक टिकट का विमोचन हीं, नहीं बल्कि भारतीय आध्यात्मिक परंपरा के एक महान संत के राष्ट्र एवं समाज के प्रति अतुलनीय योगदान को राष्ट्रीय स्मृति में संजोने का महत्वपूर्ण प्रयास सिद्ध होगा। आचार्य श्री के चतुर्मास में अध्यात्म साधना के साथ अनेक लोगों ने लिए संयम के नियम आचार्य श्री समय सागर महाराज सा संघ चातुर्मास में संतों की तप त्याग संयम की साधना के साथ अनेको धार्मिक अनुष्ठान हुए, चातुर्मास के दौरान देश विदेश के अनेक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए, बहुत से श्रावक विशेष कर युवाओं ने संस्कृति संस्कारों को अक्षुण रखते हुए संयमित जीवन के संकल्प के साथ स्वयं का कल्याण किया।
आचार्य विद्या सागर महाराज की प्रेरणा से बन रहे रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के पास भव्य जिनालय विद्योदय तीर्थ पूर्णता की ओर हे आचार्य विद्या सागर महाराज के 2016 चातुर्मास में उन्हीं की प्रेरणा से आचार्य श्री के सानिध्य में शिलान्यास हुआ, निर्वाण समिति के राकेश जैन ओ एस डी, विनोद चौधरी अनुपम ने बताया बताया कि देश का यह पांच मंजिला जिनालय हे जिसमें पूरा पीला पत्थर राजस्थान का लग रहा हे,, जिसमे त्रिकाल चोबीसी, पंच बालयति एवं सहत्रकूट जिनालय विधोदय तीर्थ में लगभग 1100 प्रतिमाएं विराजमान होगी, समाज प्रवक्ता सुनील जैनाविन अंशुल जैन ने बताया निरंतर शहर की मंदिर समितियां जिनालय की वंदना के लिए आचार्य श्री से निवेदन कर रहे हैं,, संभवतः आचार्य श्री का आगामी कार्यक्रम राजधानी के मंदिरों की वंदना का होगा। पत्रकार वार्ता में डाक टिकेट विमोचन कमेटी के सदस्य सर्व श्री संजय जैन कामनी गुना, मनीष जैन मुगावली, योगेश जैन सागर, निर्माण मुख्य संयोजक राकेश जैन ओएसडी, वित्त संयोजक देवेन्द्र जैन रूचि, निर्माणआय वित्त सदस्य विनोद चौधरी अनुपम, ऋषभ जैन प्रगति, चातुर्मास कमेटी मंत्री पदम् जैन घर घर, सनत जैन ईएमएस, मनोज जैन राजू 1100 क्वार्टर, अनिल जैन शीतल, इंजी सतेन्द्र जैन सहित समाज के वरिष्टजन मौजूद थे।प्रवक्ता
सुनील जैनाविन और अंशुल जैन ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए उपरोक्त जानकारी दी ।

युग के महासंत: आचार्य विद्यासागर जी महाराज

युग के महान संत आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज ने 54 वर्षों तक आचार्य पद पर रहते हुए जैन धर्म के साथ-साथ सम्पूर्ण मानवता की सेवा की।

जन्म से दीक्षा तक सफर
आचार्य विद्यासागर जी का जन्म 10 अक्टूबर 1946 को कर्नाटक के सदलगा गाँव में हुआ था। बचपन में उनका नाम विद्याधर था। बचपन से ही वे सांसारिक मोह-माया से दूर थे। कम बोलने के कारण लोग उन्हें ‘मौन बाबा’ कहते थे। 30 जून 1968 को अजमेर में उन्होंने आचार्य ज्ञानसागर जी महाराज से मुनि दीक्षा ली। मात्र 26 वर्ष की आयु में, 22 नवंबर 1972 को उन्हें आचार्य पद प्राप्त हुआ। आचार्य श्री ने अपने पूरे जीवन में कभी वाहन, बिजली, पंखा, मोबाइल या किसी भी आधुनिक सुविधा का उपयोग नहीं किया। वे जीवन भर पैदल ही विहार करते रहे। उनके पास केवल एक पिच्छी, कमंडलु और शास्त्र ही थे। यही उनकी सबसे बड़ी पहचान थी।

100 से अधिक ग्रंथों की रचना किए महाराज श्री ने

आचार्य श्री केवल संत ही नहीं, महान साहित्यकार भी थे। उन्होंने हिंदी, संस्कृत, प्राकृत और कन्नड़ भाषा में 100 से अधिक ग्रंथों की रचना की। उनकी प्रसिद्ध रचना ‘मूक माटी’ को हिंदी साहित्य का महान महाकाव्य माना जाता है।

*समाज सेवा में अतुलनीय योगदान
1. *गौ-रक्षा:* उन्होंने देशभर में गौ-शालाओं के निर्माण को बढ़ावा दिया।
2. *शिक्षा:* गरीब बच्चों के लिए स्कूल, छात्रावास और अस्पताल खुलवाए।
3. *रोजगार:* बुंदेलखंड में हथकरघा उद्योग को बढ़ावा देकर हजारों परिवारों को रोजगार दिया।
4. *नशा मुक्ति:* लाखों लोगों को शराब और तंबाकू छोड़ने की प्रेरणा दी।

अंतिम समाधि
18 फरवरी 2024 को छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ में उन्होंने तीन दिन के उपवास के बाद समाधि ली। उनके देवलोकगमन पर पूरा देश शोक में डूब गया।

आचार्य विद्यासागर जी महाराज आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके विचार और कार्य आज भी संपूर्ण मानव समाज को सही मार्ग दिखा रहे हैं।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button