खबरमध्य प्रदेशसंपादकीय

अटल कश्यप की काव्य कृति “अंतर्मन के स्पंदन” का विमोचन।

सामाजिक व्यवहार, रिश्तों, संघर्षों और मानवीय संवेदनाओं की कुशल अभिव्यक्ति है "अंतर्मन के स्पंदन" गोकुल सोनी

कश्यप जी जीवन संघर्ष के कवि हैं, उनकी कविताओं में सादगी के साथ आम आदमी की पीड़ा को अभिव्यक्ति दी गई है।
इंदिरा दांगी
—————————————————-
भोपाल २६ नवंबर। आज दुष्यंत स्मारक में कवि श्री अटल कश्यप की इंद्रा पब्लिशिंग हाउस द्वारा प्रकाशित नवम काव्यकृति “अंतर्मन के स्पंदन” का विमोचन दुष्यंत संग्रहालय में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार श्री गोकुल सोनी ने की, सुप्रसिद्ध साहित्यकार श्रीमती इंदिरा दांगी जी मुख्य अतिथि के रूप में, क्वालिटी हैड जायडस केडिला के पूर्व वाइस प्रेसिडेंट श्री सुभाष पाण्डे विशेष अतिथि के रूप में एवं करुणा राजुरकर जी सारस्वत अतिथि के रूप में मंचासीन रहे। कार्यक्रम का सफल और सरस संचालन श्री संजय खरे ने किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण से हुआ। काव्य कृति “अंतर्मन के स्पंदन” के भव्य विमोचन पश्चात कवि अटल कश्यप जी ने अपनी काव्य यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लोकार्पित कृति पचास कविताओं का संग्रह है जिनमें मानवीय रिश्ते, ज़िंदगी की जद्दोजहद, संवेदनाएं, सामाजिक विद्रूपताएं और मोटिवेशन है। उन्होंने कविता बेशरम, मायका और अन्य चुनिंदा रचनाओं का पाठ किया, कुछ पंक्तियां दृष्टव्य हैं।
“मायका बेटी का नहीं, बेटे का भी होता है/
फर्क बस इतना होता है/
बेटी को विवाह के बाद/
और बेटे को नौकरी के बाद/
मायका छोड़ना पड़ता है/”
श्री गोकुल सोनी ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि यह संग्रह जीवन के विविध अनुभवों, सामाजिक व्यवहार, रिश्तों, संघर्षों और मानवीय संवेदनाओं की कुशल अभिव्यक्ति है। कश्यप जी की कविताएँ पाठक को अपने जीवन के अनुभवों से आत्मसात कराती हुई, आत्मचिंतन के लिए प्रेरित करती हैं।
श्रीमती इंदिरा दांगी ने कहा कि कश्यप जी जीवन संघर्ष के कवि हैं, उनकी कविताओं में सादगी के साथ आम आदमी की पीड़ा को अभिव्यक्ति दी गई है। इनकी कविताएं मन को छू जाती हैं। श्री पाण्डे जी ने अटल जी की जीवन यात्रा पर प्रकाश डाला। करुणा जी ने कहा कि अटल जी अत्यंत व्यस्त रहने के बाद भी सुंदर कविताएं लिखने के लिए समय निकल लेते हैं, यह बड़ी बात है।
अंत में श्री संजय खरे ने सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में सर्वश्री संतोष भोखरे, डॉ सूर्य प्रकाश अस्थाना, चंद्रभान राही, डॉ आलोक चौबे, मधुलता शर्मा, प्रमोद की एवं संजीव जी इंद्रा पब्लिशिंग हाउस, चंद्रकांत कांत सही, श्री बिहारीलाल सोनी अनुज, करुणा राजुरकर, के साथ ही अनेक साहित्य प्रेमियों ने अपनी उपस्थिति देकर कार्यक्रम को सफल बनाया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button