खबरमध्य प्रदेश

हमारा संविधान गत्यात्मक है इसमें संशोधन एवं परिमार्जन आवश्यक है

संविधान निर्माताओं नें भविष्य की पीढ़ियों के लिए इसकी संभावनाएं स्वयं संविधान में ही स्थापित कर दी थी। वर्तमान समय में संविधान को ‘पवित्र दस्तावेज़’ घोषित करने का अभियान चलाकर राष्ट्रनिर्माण हेतु इसके युगानुकूल परिवर्तन की आवश्यकताओं को रोका जा रहा है।’ उक्त बातें क्षेत्रीय शिक्षा संस्थान, भोपाल के सभागार में ‘संविधान दिवस’ के अवसर पर मुख्य अतिथि एवं व्यक्ता के रूप में पधारे मध्य प्रदेश के राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज श्रीवास्तव ने कही । उन्होंने अपने संबोधन में संविधान की मूल प्रति प्रति पर चित्रकार नंदलाल बोस एवं सुलेखक प्रेम शंकर रायजादा के संक्षिप्त हस्ताक्षरों का संदर्भ देते हुए कहा कि संविधान के प्रथम पृष्ठ पर ‘राम’ और प्रत्येक पृष्ठ पर ‘प्रेम’ अंकित होना इस बात का संदेश है कि देश को राम के आदर्शों एवं सामाजिक सद्भाव के मार्ग पर आगे बढ़ाना है। अनुच्छेद 14 में समानता के अधिकार में ‘भाषा’ के आधार पर भेदभाव को भी शामिल करने की वकालत करते हुए उन्होंने कहा की दुनिया के अनेक देशों ने अपने संविधान कई बार पूर्णतः परिवर्तित कर दिए है। चीन और रूस जैसे देशों ने अपने संविधान में अपने पूर्वजों को कई पृष्ठों में कृतज्ञता व्यक्त की है किन्तु भारतीय संविधान देश की संस्कृति और जड़ों का जिक्र करने में बहुत पीछे है। इसलिए संविधान के पितृ पुरुषों के प्रति कृतज्ञ रहते हुए संविधान में समाहित होने से वंचित रह गई आवश्यक बातों को शामिल करना समय की मांग है। इससे पूर्व संस्थान के प्राचार्य प्रो. जयदीप मंडल ने मुख्य अतिथि का अंगवस्त्र और तुलसी पौध देकर सम्मानित किया। अपने स्वागत उद्बोधन में प्रोफेसर मंडल ने संविधान दिवस की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए संकाय सदस्यों एवं विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वह संस्थान को संविधान की भावना के अनुरूप बनाने में अपनी भूमिका का सम्यक निर्वहन करें। कार्यक्रम का संचालन मुख्य सलाहकार विद्यार्थी परिषद डॉ. सौरभ कुमार और धन्यवाद ज्ञापन विस्तार शिक्षा विभाग की अध्यक्ष प्रोफेसर रत्नमाला आर्या ने किया। इस अवसर पर सामाजिक शिक्षा एवं भाषा विभाग के अध्यक्ष डॉ. सुरेश मकवाना,डीएम स्कूल के प्रधानाचार्य प्रकाश श्रीवास्तव तथा संस्थान के प्रशासनिक अधिकारी महेश आसुदानी सहित सभी विभागों के संकाय सदस्य, विद्यार्थी एवं प्रशिकणार्थी शिक्षक उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button