खबरमध्य प्रदेश

बाल विवाह रोकने के लिए पंचायत स्तर पर तय होगी जवाबदेही: प्रह्लाद पटेल

भोपाल, 27 नवंबर 2026: मध्य प्रदेश को बाल विवाह मुक्त बनाने के संकल्प के साथ राजगढ़ जिले के जीरापुर में ‘बाल, कम उम्र और जबरन विवाह के उन्मूलन के लिए अंतरराष्ट्रीय दिवस’ के अवसर पर विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्य के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रह्लाद पटेल की अगुआई में हजारों लोगों ने बाल विवाह को जड़ से खत्म करने की शपथ ली। इस अवसर पर पटेल ने बाल विवाह की रोकथाम के लिए पंचायत स्तर पर जवाबदेही तय करने की घोषणा की। कार्यक्रम में बाल विवाह रोकथाम जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। बाल विवाह के खिलाफ सामूहिक प्रतिबद्धता प्रदर्शित करने के लिए आसमान में बड़ी संख्या में गुब्बारे भी छोड़े गए। इस मौके पर अपना बाल विवाह रुकवाकर पढ़ाई जारी रखने वाली सात बेटियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मध्य प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग और बाल अधिकारों के संरक्षण के लिए जमीनी स्तर पर काम करने वाले देश के सबसे बड़े नागरिक समाज नेटवर्क जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन (जेआरसी) ने संयुक्त रूप से किया।

इस अवसर पर प्रदेश में ‘नई चेतना 5.0’ जेंडर अभियान का राज्य स्तरीय शुभारंभ भी किया गया। इस वर्ष अभियान की थीम ‘पहुंच से सशक्तिकरण की ओर: विकसित भारत के लिए आजीविका एवं समान अवसरों के माध्यम से महिला सशक्तिकरण’ है। 25 नवंबर से 23 दिसंबर 2026 तक संचालित होने वाले इस चार सप्ताह के अभियान का उद्देश्य महिलाओं को केवल सेवाओं और अवसरों तक पहुंच उपलब्ध कराने तक सीमित न रखते हुए उनकी आर्थिक पहचान, आजीविका में योगदान, अधिकारों एवं निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी को सशक्त बनाना है। अभियान के अंतर्गत महिलाओं को आर्थिक योगदानकर्ता के रूप में पहचान एवं मान्यता प्रदान करने, भूमि एवं संपत्ति पर अधिकार, ऋण एवं बैंकिंग सुविधाओं तथा डिजिटल वित्तीय सेवाओं तक पहुंच बढ़ाने, सुरक्षित सार्वजनिक स्थान एवं आवागमन सुनिश्चित करने तथा अवैतनिक देखभाल कार्यों से जुड़े लैंगिक भेदभाव को चुनौती देने पर विशेष जोर दिया जाएगा। इस अवसर पर जेंडर वर्णमाला पुस्तक और अभियान के साप्ताहिक गतिविधि कैलेंडर का भी विमोचन किया गया। कार्यक्रम में खिचलीपुर के विधायक हजारी लाल दांगी, राज्यमंत्री गौतम टेटवाल और राजगढ़ के सांसद रोडमल नागर ने भी हिस्सा लिया।

कार्यक्रम में अपना बाल विवाह रुकवाकर पढ़ाई जारी रखने वाली सुनीता सोलंकी और निकिता ने अपने अनुभव साझा किए। सुनीता ने अपना बाल विवाह अमान्य कराने के संघर्ष और बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराई को समाप्त करने की जरूरत पर बात रखी। वहीं, निकिता ने बताया कि किस तरह उसने अपना बाल विवाह रुकवाया और अपनी पढ़ाई जारी रखी। इन दोनों के साहस और संघर्ष को सम्मान देते हुए पांच अन्य बेटियों धापू, निशा, खुशी तंवर, खुशी वर्मा और माया लववंशी के साथ उन्हें भी सम्मानित किया गया। इसके अलावा, बाल संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम के लिए लोक अधिकार केंद्र, विकासखंड राजगढ़ और लोक अधिकार केंद्र, विकासखंड खिलचीपुर को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

मुख्य अतिथि प्रह्लाद पटेल ने कहा, “बाल विवाह की रोकथाम के लिए पंचायत स्तर पर जवाबदेही तय की जाएगी। हर सरपंच के लिए विवाह रजिस्टर रखना अनिवार्य किया जाएगा, ताकि गांव में होने वाली प्रत्येक शादी का रिकॉर्ड उपलब्ध रहे। जिन ग्राम सभाओं में बाल विवाह का एक भी मामला सामने नहीं आएगा, उन्हें सम्मानित किया जाएगा।” उन्होंने कहा कि सरकार और कानून-प्रवर्तन एजेंसियों के साथ मिलकर समुदायों, स्कूलों, पंचायतों, महिला समूहों, धर्मगुरुओं और स्थानीय संस्थाओं के स्तर पर किए जा रहे प्रयास बाल विवाह की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। पटेल ने कहा, “यह बदलाव किसी एक की कोशिश से नहीं, बल्कि सबके साझा प्रयासों से संभव हुआ है। सरकार और प्रशासन ने कानून को सख्ती से लागू किया, पंचायतों और नागरिक समाज संगठनों ने गांव-गांव में निगरानी रखी, शिक्षकों ने बच्चों को स्कूल से जोड़े रखा, महिलाओं और युवाओं ने समाज में जागरूकता फैलाई। साथ ही नागरिक समाज संगठनों ने ज़मीनी स्तर पर काम किया।”

उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत महिलाओं एवं किशोरियों के अधिकारों, सुरक्षा और जेंडर समानता को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश के सभी 55 जिलों में 313 लोक अधिकार केंद्रों का संचालन किया जा रहा है। इन केंद्रों के माध्यम से महिलाओं एवं किशोरियों को घरेलू हिंसा सहित विभिन्न प्रकार की हिंसा, भेदभाव एवं सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध सहायता, परामर्श तथा न्याय तक पहुंच उपलब्ध कराई जा रही है। लोक अधिकार केंद्रों में अब तक कुल 1,59,250 प्रकरण प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 1,21,554 प्रकरणों का निराकरण किया जा चुका है। इन प्रयासों को ग्राम स्तर तक पहुंचाने के लिए 6,600 से अधिक प्रशिक्षित जेंडर सखी एवं जेंडर कम्युनिटी रिसोर्स पर्सन्स सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। स्वयं सहायता समूहों, ग्राम संगठनों एवं संकुल स्तरीय संगठनों के माध्यम से भी महिलाओं के अधिकारों, नेतृत्व विकास, निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी एवं सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन के राष्ट्रीय सचिव मनीष शर्मा ने कहा, “पिछले तीन वर्षों में हमारे सामूहिक प्रयासों से देशभर में प्रशासन के साथ मिलकर साढ़े छह लाख से अधिक बाल विवाह रुकवाए गए हैं। जेआरसी मध्य प्रदेश के सभी जिलों सहित देशभर में बाल विवाह के उन्मूलन के लिए काम कर रहा है। इस अभियान को सरकार और प्रशासन का पूरा सहयोग मिल रहा है। वर्ष 2030 तक बाल विवाह समाप्त करने के लक्ष्य को लेकर सरकार और प्रशासन प्रतिबद्ध हैं। जेआरसी ने ही सबसे पहले बाल विवाह के उन्मूलन के लिए एक अंतरराष्ट्रीय दिवस घोषित करने का प्रस्ताव रखा था, जिसे चार सितंबर को संयुक्त राष्ट्र ने स्वीकार करते हुए 27 नवंबर को ‘बाल, कम उम्र और जबरन विवाह के उन्मूलन के लिए अंतरराष्ट्रीय दिवस’ घोषित किया। यह इस बात का प्रमाण है कि भारत में शुरू हुई एक मुहिम आज वैश्विक आंदोलन का रूप ले चुकी है।”

जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन के 300 से अधिक सहयोगी संगठन देश के 782 जिलों में बाल विवाह के उन्मूलन के लिए जमीनी स्तर पर काम कर रहे हैं। पिछले तीन वर्षों में इस नेटवर्क ने देशभर में साढ़े छह लाख से अधिक बाल विवाह रुकवाए हैं। राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण (एनएफएचएस-6) के मुताबिक, देश में 20 से 24 वर्ष की आयु की उन महिलाओं का अनुपात, जिनका विवाह 18 वर्ष से पहले हुआ था, 2019-21 में 23.3 प्रतिशत था, जो 2023-24 में घटकर 20.1 प्रतिशत रह गया। वहीं, मध्य प्रदेश में ये आंकड़ा 2019-21 में 23.1 प्रतिशत था, जो 2023-24 में घटकर 20 फीसदी रह गया। मध्य प्रदेश में जेआरसी के 14 सहयोगी संगठन सभी 55 जिलों में बाल संरक्षण और बाल अधिकारों के लिए काम कर रहे हैं। अप्रैल 2023 से अब तक नेटवर्क के प्रयासों से राज्य में 62 हजार से अधिक बाल विवाह रुकवाए जा चुके हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button