कोटद्वार में दर्दनाक हादसा: खाई में गिरा वाहन, चालक समेत आठ की मौत, बैंक का काम निपटाकर लौट रही थीं महिलाएं

पौड़ी जिले के रिखणीखाल ब्लॉक के अंतर्गत रिखणीखाल-सतपुली मार्ग पर भंगल्वाण गांव के पास शनिवार को एक इको वैन अनियंत्रित होकर करीब 300 फुट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन चालक समेत आठ लोगों की मौत हो गई। चार लोग घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही राजस्व पुलिस, थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम के साथ ही एसडीएम लैंसडौन शालिनी मौर्य मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान चलाया।हादसे का शिकार हुई सभी महिलाएं भंगलवाण की स्वयं सहायता समूह से जुड़ी हैं। जो सिद्धखाल में समूह की मीटिंग और अन्य काम निपटाकर इको वैन से गांव लौट रही थी। इस बीच हादसा हो गया। पुलिस के अनुसार, शनिवार को थाना रिखणीखाल को सूचना मिली कि रिखणीखाल से करीब 25 किलोमीटर आगे रिखणीखाल-सतपुली मोटर मार्ग पर कलवाड़ी गांव के समीप एक इको वैन अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 300 फुट नीचे खाई में गिर गई है। पुलिस के अनुसार वाहन में चालक समेत कुल 13 लोग सवार थे।सूचना मिलते ही रिखणीखाल पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। लैंसडौन की एसडीएम शालिनी मौर्य और एएसपी मनोज ठाकुर भी घटनास्थल पर पहुंचे। पौड़ी से नवनियुक्त एसएसपी देवेंद्र पींछा भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। काफी मशक्कत के बाद चार घायलों को खाई से सुरक्षित बाहर निकाला गया। वहीं, मौके पर जान गंवाने वाले वाहन चालक समेत सभी 7 लोगों के शव खाई से निकाल लिए गए। सभी घायलों को एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रिखणीखाल पहुंचाया गया। जहां एक घायल महिला ने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद क्षेत्र में चीख पुकार मच गई। पूरे इलाके में मातम पसर गया।

