खबर

डॉक्टरों की सलाह- Diabetes Patients को बिना तकलीफ के भी हर साल करवाना चाहिए Eye Check-Up

जब किसी व्यक्ति को मधुमेह (डायबिटीज) का पता चलता है तो वह आमतौर पर अपने ब्लड शुगर लेवल को लेकर चिंता करने लगता है कि इसका उसकी किडनी और दिल पर क्या असर पड़ेगा। हलांकि बहुत कम लोग अपनी आंखों के बारे में सोचते हैं। नेत्र रोग विशेषज्ञों ने चेताया कि डायबिटीज मरीज की आंखों पर सबसे ज्यादा असर डालती है, चलिए जनते हैं कैसे पहचानें इस खतरे को कैसे करें बचाव

 मधुमेह से आंखों पर क्या पड़ता है असर?

नेत्र रोग विशेषज्ञों के अनुसार हाई ब्लड शुगर रेटिना (आंख के पिछले हिस्से में मौजूद प्रकाश के प्रति संवेदनशील ऊतक) की छोटी रक्त वाहिकाओं को नुकसान पहुंचा सकता है। इस स्थिति को ‘डायबिटिक रेटिनोपैथी’ कहा जाता है। मधुमेह के कारण रेटिना में सूजन भी आ सकती है (जिसे ‘मैक्युलर एडिमा’ कहा जाता है), मोतियाबिंद का खतरा बढ़ सकता है और ग्लूकोमा (काला मोतिया) होने की संभावना भी बढ़ जाती है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर इन स्थितियों का इलाज न कराया जाए, तो इनसे हमेशा के लिए दृष्टि जा सकती है।

हर साल आंखों की जांच करवाना जरूरी

मधुमेह से संबंधित नेत्र रोग का एक सबसे बड़ा खतरा यह है कि यह अक्सर बिना किसी पूर्व चेतावनी के विकसित हो जाता है।किसी व्यक्ति की दृष्टि बिल्कुल ठीक होने के बावजूद भी रेटिना को शुरुआती क्षति हो सकती है। धुंधलापन या काले धब्बे दिखाई देने तक रोग काफी बढ़ चुका होता है। ऐसे में मधुमेह (डायबिटीज) से पीड़ित लोगों को सलाह दी जाती है कि वे साल में कम से कम एक बार अपनी आंखों की पूरी जांच करवाएं, भले ही उन्हें कोई समस्या न हो। हालांकि, कुछ लोगों को अधिक बार जांच कराने की आवश्यकता पड़ सकती है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से आंखों की जांच करना अब आसान और सुलभ हो गया है। आज, विशेष कैमरों से रेटिना की तस्वीरें ली जा सकती हैं, और AI सॉफ्टवेयर इन तस्वीरों का विश्लेषण करके ‘डायबिटिक रेटिनोपैथी’ के संकेतों का पता लगा सकता है।

मधुमेह से जुड़ी आंखों की समस्याओं का इलाज

अच्छी खबर यह है कि ‘डायबिटिक रेटिनोपैथी’ का पता चलने का मतलब यह नहीं है कि व्यक्ति की आंखों की रोशनी चली ही जाएगी।  नेत्र रोग विशेषज्ञों ने बताया कि ऐसी दवाएं मौजूद हैं जिन्हें आंख में इंजेक्ट किया जा सकता है। ये दवाएं रेटिना की सूजन को कम करने और असामान्य रक्त वाहिकाओं (blood vessels) के विकास को रोकने में मदद करती हैं। कुछ मरीजों के लिए नई दवाएं इंजेक्शन के बीच के अंतराल को बढ़ा सकती हैं। ज्यादा गंभीर मामलों में लेजर ट्रीटमेंट और रेटिना की सर्जरी मददगार साबित होती है। सर्जन ने यह भी बताया कि डायबिटीज से जुड़ी आंखों की समस्याओं को ठीक करना इस बात पर निर्भर करता है कि बीमारी का पता कितनी जल्दी चला और अब तक कितना नुकसान हो चुका है। रेटिना में सूजन के कारण हुई दृष्टि की कुछ हानि इलाज से सुधर सकती है, लेकिन रेटिना को पहुंचा नुकसान स्थायी भी हो सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button