खबर

कोटा के अस्पताल में गर्भवती महिला की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

राजस्थान के कोटा स्थित न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान साढ़े चार महीने की गर्भवती 24 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला के परिजनों ने अस्पताल के कर्मचारियों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई, मुआवजे और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की है। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आशुतोष शर्मा ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की है। समिति को तीन दिन के भीतर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है। शनिवार को मेडिकल बोर्ड की निगरानी में पोस्टमार्टम कराने के बाद महिला का शव परिजनों को सौंप दिया गया।

शर्मा के अनुसार, कोटा के आरके पुरम थाना क्षेत्र के नयागांव की रहने वाली मीनाक्षी ने 21 नवंबर को पहली बार अस्पताल में परामर्श लिया था। इससे पहले गर्भावस्था के दौरान उन्होंने कोई जांच नहीं कराई थी। उन्होंने बताया कि मीनाक्षी को 23 नवंबर को खून चढ़ाने के लिए अस्पताल लाया गया था। शुरुआती जांच में उनका हीमोग्लोबिन स्तर 6.9 पाया गया और गर्भावस्था के साढ़े चार महीने में ही गर्भस्थ शिशु की गर्भ में ही मौत होने की बात सामने आई। शर्मा ने बताया कि 25 नवंबर को मीनाक्षी को स्त्री रोग विशेषज्ञ से परामर्श लेने की सलाह दी गई थी।

डॉक्टरों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती होने के लिए भी कहा था, लेकिन उन्होंने इससे इनकार कर दिया था। उन्होंने बताया कि 26 नवंबर को मीनाक्षी ने एक निजी क्लीनिक में अल्ट्रासाउंड कराया, जिसमें भी गर्भस्थ शिशु की मौत की पुष्टि हुई। उसी शाम वह न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल लौटीं और शाम करीब सात बजे दोबारा भर्ती हुईं। शर्मा के मुताबिक, मीनाक्षी ने शुक्रवार शाम करीब साढ़े पांच बजे मृत शिशु को जन्म दिया और इसके कुछ ही देर बाद उनकी हालत बिगड़ गई।

शर्मा ने कहा, ”उनकी मौत का सबसे संभावित कारण एमनियोटिक फ्लूइड एम्बोलिज्म (गर्भजल का रक्त संचार में पहुंचना) है।” उन्होंने बताया कि गर्भजल की एक बड़ी मात्रा रक्त संचार में पहुंचने से हृदय या फेफड़ों की प्रमुख रक्त वाहिकाएं प्रभावित हो सकती हैं। इससे इन अंगों को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है और अचानक हृदय गति रुक सकती है। महिला की मौत के बाद परिजनों ने शुरुआत में अस्पताल कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया था।

उन्होंने अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई, परिवार को मुआवजा और एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की थी। शर्मा ने बताया कि शनिवार को मेडिकल बोर्ड ने पोस्टमार्टम किया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। उन्होंने कहा कि जांच समिति तीन दिन में अपनी रिपोर्ट देगी। अस्पताल प्रशासन ने दावा किया कि परिवार को नियमों के अनुसार मुआवजा देने और जांच समिति की रिपोर्ट के निष्कर्षों के आधार पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button